Page Loader
WPL 2024: इन 5 विदेशी बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर रहेंगी सबकी नजरें
WPL 2023 में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ी रही थी लैनिंग (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: इन 5 विदेशी बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर रहेंगी सबकी नजरें

Feb 20, 2024
04:22 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 की शुरुआत 23 फरवरी को गत विजेता मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच होने वाले मुकाबले के साथ हो जाएगी। WPL के पहले संस्करण में देश-विदेश के कई नामी खिलाड़ियों ने कमाल किया था, जबकि कुछ नए चेहरों ने भी प्रभावित किया था। इस सीजन में भी खिलाड़ी जोरदार प्रदर्शन के लिए बेताब होंगे। आइए कुछ विदेशी बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जो आगामी सीजन में कमाल कर सकती हैं।

#1  

मेग लैनिंग 

DC की कप्तान मेग लैनिंग पिछले सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थी। उन्होंने 9 पारियों में 49.28 की औसत और 139.11 की स्ट्राइक रेट से 345 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 72 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 अर्धशतक लगाए थे। उनके नेतृत्व में टीम उपविजेता रही थी। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 36.61 की औसत और 116.37 की स्ट्राइक रेट से 3,405 रन बनाए थे।

#2 

नेट साइवर-ब्रंट

पिछले सीजन में MI को खिताब जिताने में नेट साइवर-ब्रंट की अहम भूमिका रही थी। इस इंग्लिश बल्लेबाज ने WPL 2023 में अपनी 10 पारियों में 66.4 की औसत और 140.08 की स्ट्राइक रेट से 332 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 3 अर्धशतकीय पारियां भी निकली थी। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 27.01 की औसत और 115.57 की स्ट्राइक रेट के साथ 332 रन अपने नाम किए हैं।

#3 

बेथ मूनी

बेथ मूनी आगामी सीजन में गुजरात जायंट्स की कप्तानी करती हुई नजर आएंगी। वह चोट के कारण पिछले सीजन से बाहर हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया की इस 30 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 95 मैच खेले हैं, जिसमें 41.25 की औसत और 123.50 की स्ट्राइक रेट से 2,764 रन बनाए हैं। वह आखिरी बार जनवरी 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में खेली थी, जिसमें उनके स्कोर 72*, 13 और 82 रन रहे थे।

#4 

ताहलिया मैकग्राथ

यूपी वारियर्स (UPW) की ताहलिया मैकग्राथ ने WPL 2023 में 50.33 की औसत और 158.11 की स्ट्राइक रेट से 302 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 90* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक लगाए थे। वह पिछले सीजन में तीसरी सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रही थी। अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 42.85 की औसत और 134.73 की स्ट्राइक रेट से 900 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 7 अर्धशतक भी लगाए हैं।

#5

फोबे लिचफील्ड

नीलामी में 20 वर्षीय फोबे लिचफील्ड को गुजरात ने 1 करोड़ रुपये की कीमत में अपने साथ शामिल किया था। उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 8 पारियों में 37.80 की औसत और 170.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 189 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 1 अर्धशतक भी अपने नाम किया है। लीचफील्ड ने महिलाओं की बिग बैश लीग (WBBL) 2023-34 में सिडनी सिक्सर्स की ओर से 130.37 की स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए थे।