LOADING...
श्रीलंका-A बनाम इंडिया-A, फाइनल: तिलक वर्मा ने जड़ा लिस्ट-A करियर का 14वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े
तिलक वर्मा ने जड़ा लिस्ट-A करियर का 14वां अर्धशतक

श्रीलंका-A बनाम इंडिया-A, फाइनल: तिलक वर्मा ने जड़ा लिस्ट-A करियर का 14वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े

Jun 21, 2026
01:25 pm

क्या है खबर?

इंडिया-A के कप्तान तिलक वर्मा ने श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय वनडे सीरीज के फाइनल मुकाबले में मेजबान श्रीलंका-A क्रिकेट टीम के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी (67) खेली। यह उनके लिस्ट-A करियर का 14वां अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 70 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत इंडिया-A की टीम मैच में 300 से अधिक रन का स्कोर बनाने में सफल रही। आइए उनकी पारी और आंकड़े जानते हैं।

बल्लेबाजी

कैसी रही तिलक की पारी और साझेदारी?

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया-A को 136 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए कप्तान तिलक ने एक छोर संभाला और रुतुराज गायकवाड़ (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने विकेटकीपर कुमार कुशाग्र (36) के साथ 63 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती दी। तिलक 90 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्के से 67 रन बनाकर आउट हुए।

करियर

कैसा रहा है तिलक का लिस्ट-A करियर?

तिलक ने साल 2019 में सौराष्ट्र क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने लिस्ट-A करियर का आगाज किया था। वह अब तक 52 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 50 पारियों में 47 से अधिक की औसत और 88 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ 2,142 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 6 शतक के अलावा 14 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 156 रन का रहा है। वह अब तक 157 चौके और 62 छक्के जड़ चुके हैं।

Advertisement