टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इन महिला बल्लेबाजों ने बनाए हैं 4,000+ रन
क्या है खबर?
श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की कप्तान चमारी अट्टापट्टू ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में 40 रन की पारी खेली। उनकी पारी की मदद से श्रीलंका ने मैच में 6 विकेट से जीत दर्ज की। अपनी इस पारी के दौरान अट्टापट्टू ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 4,000 रन पूरे किए। वह इस आंकड़े को छूने वाली श्रीलंका की पहली बल्लेबाज बनी। इस बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 4,000+ रन बनाने वाली खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
सूजी बेट्स (4,758 रन)
न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स महिलाओं के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।
उन्होंने 186 मैचों की 178 पारियों में 28.83 की औसत और 108.60 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,758 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 124* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं।
वह 13 पारियों में शून्य पर भी आउट हुए हैं। वह अपने करियर में 500 से अधिक चौके लगा चुकी हैं।
#2
स्मृति मंधाना (4,538 रन)
सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।
उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था।
वह अब तक 171 मैच की 165 पारियों में 30.25 की औसत से 4,538 रन बना चुकी हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 125.18 की रही है।
मंधाना के बल्ले से 35 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 112 रन रहा है। वह 600 से अधिक चौके लगा चुकी हैं।
#3
हरमनप्रीत कौर (4,216 रन)
भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी इस सूची का हिस्सा हैं। उन्होंने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2009 में खेला था।
उन्होंने अब तक भारतीय टीम के लिए 202 टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 181 पारियों में 30.33 की औसत से 4,216 रन बनाए हैं।
उनके बल्ले से 1 शतक और 18 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा है।
वह अपने करियर में 400 से अधिक चौके लगा चुकी हैं।
#4
चमारी अट्टापट्टू (4,003 रन)
अट्टापट्टू ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2009 में खेला था।
अब तक इस खिलाड़ी ने 164 मैच खेले हैं और इसकी 161 पारियों में 26.33 की औसत और 113.43 की स्ट्राइक रेट से 4,003 रन बनाने में सफल रहीं हैं।
उनके बल्ले से 4 शतक के अलावा 14 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 119* रन रहा है।
अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होने 500+ चौके और 100+ छक्के लगाए हैं।