LOADING...
IPL 2026 के ये अनकैप्ड खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिखा सकते हैं अपना जलवा
IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने किया है शानदार प्रदर्शन (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026 के ये अनकैप्ड खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दिखा सकते हैं अपना जलवा

May 24, 2026
06:27 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) हमेशा से ही असाधारण प्रतिभाओं को निखारने का मंच रहा है। हर साल यह खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी को जन्म देता है जो क्रिकेट जगत पर अपनी छाप छोड़ती है। IPL 2026 में भी कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों ने बड़े मंच पर अपनी छाप छोड़ी है। इसी संदर्भ में हम इस संस्करण के उन 5 अनकैप्ड खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जो आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना जलवा बिखेर सकते हैं।

#1

वैभव सूर्यवंशी - राजस्थान रॉयल्स

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा है। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) के इस खिलाड़ी ने IPL के एक संस्करण में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनके कुल छक्के 53 हो गए हैं। वह 13 मैचों में 579 रन बना चुके हैं। उनकी औसत 44.54 और स्ट्राइक रेट 236.33 की रही है। यह स्ट्राइक रेट सबसे बेहतर रही है।

#2

प्रभसिमरन सिंह - पंजाब किंग्स

पंजाब किंग्स (PBKS) के विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह भी IPL 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। इस स्टार सलामी बल्लेबाज ने लीग चरण में 168 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 510 रन बनाए। उनकी औसत 42.50 की रही है। इसमें 6 अर्धशतक शामिल हैं। पिछले साल 549 रन बनाने वाले प्रभसिमरन IPL इतिहास में दो अलग-अलग संस्करण में 500 से अधिक रन बनाने वाले एकमात्र अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं।

Advertisement

#3

अंगकृष रघुवंशी - कोलकाता नाइट राइडर्स

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए उतार-चढ़ाव भरे इस संस्करण में अंगकृष रघुवंशी ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने से पहले उन्होंने 13 मैचों में 42.20 के औसत और 146.5 के स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। कई युवा बल्लेबाजों के विपरीत रघुवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी के बजाय परिस्थिति के अनुसार खेलने की क्षमता का प्रदर्शन किया है।

Advertisement

#4

साकिब हुसैन - सनराइजर्स हैदराबाद

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज साकिब हुसैन ने इस सीजन में अपनी छाप छोड़ी है। दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज टीम की डेथ ओवरों की गेंदबाजी की समस्या का समाधान बनकर सामने आया है। उनके अभियान की शुरुआत मजबूत पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 4 विकेट लेकर हुई। साकिब ने लीग चरण में 10 मैचों में 9.07 की औसत से 15 विकेट चटकाए। 21 वर्षीय इस खिलाड़ी ने SRH को प्लेऑफ तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

#5

प्रिंस यादव - लखनऊ सुपर जायंट्स

उभरते सितारे प्रिंस यादव ने इस संस्करण में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि, LSG अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही, लेकिन 24 वर्षीय तेज गेंदबाज ने अपनी छाप छोड़ी। 14 मैचों में 8.82 की इकॉनमी से 16 विकेट लेकर यादव LSG के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। नई गेंद से उनका प्रदर्शन विशेष रूप से प्रभावशाली रहा। बता दें, यादव को अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है।

Advertisement