महिला टी-20 विश्व कप के इतिहास में इन टीमों ने खेले हैं सर्वाधिक फाइनल मैच
क्या है खबर?
इंग्लैंड में खेला जा रहा महिलाओं का टी-20 विश्व कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर है। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम रविवार (5 जुलाई) को लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर फाइनल के लिए आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने अपने-अपने ग्रुप में सभी पांचों मैच जीते और फिर सेमीफाइनल में भी जोरदार जीत हासिल की है। आइए जानते हैं कि किन टीमों ने प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल मैच खेले हैं।
#1
ऑस्ट्रेलिया (8 फाइनल)
टी-20 विश्व कप के इतिहास की सबसे सफल टीम ऑस्ट्रेलिया ने सर्वाधिक 8वीं बार (2010, 2012, 2014, 2016, 2018, 2020, 2023 और 2026) फाइनल में प्रवेश किया है। पिछले 7 फाइनल में से ऑस्ट्रेलिया ने 6 बार खिताब जीते हैं, सिर्फ 1 बार ही उपविजेता रही। कोई और टीम 1 से ज्यादा खिताब नहीं जीत सकी है। दिलचस्प बात यह है कि वेस्टइंडीज इकलौती ऐसी टीम है, जिसने 2016 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।
#2
इंग्लैंड (5)
इंग्लैंड ने टी-20 विश्व कप में 5वीं बार फाइनल का टिकट हासिल किया है। इससे पहले इंग्लिश टीम 2009, 2012, 2014 और 2018 में फाइनल खेल चुकी हैं। 2009 का पहला खिताब जीतने के बाद इंग्लैंड अपने अगले तीनों फाइनल हार गई, और तीनों बार हार का सामना ऑस्ट्रेलिया से ही करना पड़ा था। बता दें कि 2009 के संस्करण के फाइनल में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से हराया था।
#3
एक से ज्यादा बार फाइनल खेलने वाली अन्य टीमें
न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने 2009, 2010 और 2024 के फाइनल में जगह बनाई थी। इनमें से सिर्फ 2024 में कीवी टीम खिताब जीतने में सफल रही थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम 2023 और 2024 के फाइनल में पहुंची थी और दोनों में हार मिली थी। इनके अलावा भारत (2020) और वेस्टइंडीज (2016) ऐसी टीमें हैं जो सिर्फ एक-एक बार फाइनल में पहुंचने में सफल रही है। भारत उपविजेता रही थी और वेस्टइंडीज ने खिताब जीता था।