दक्षिण अफ्रीका से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक साथ खेल चुकीं हैं भाइयों की ये जोड़ियां
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराते हुए सीरीज में बढ़त बनाई। इस मैच में प्रोटियाज टीम से जॉर्डन हरमन और रूबिन हरमन के रूप में 2 भाई साथ में खेले। जॉर्डन का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू मैच साबित हुआ। इसके साथ ही जॉर्डन और रूबिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका के लिए एक साथ खेलने वाले भाइयों की 8वीं जोड़ी बन गई। आइए इन जोड़ियों के बारे में जानते हैं।
#1
स्टेनली और टिप स्नूक
स्टेनली और टिप स्नूक भाईयों की पहली ऐसी जोड़ी थी, जिसने दक्षिण अफ्रीका के लिए खेला था। यह मैच 1907 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच था। ये मैच स्टेनली के लिए एकमात्र अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ, जिसमें उन्होंने पहली पारी में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी की। दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी नहीं मिली और न ही उन्होंने गेंदबाजी की। उनके छोटे भाई सिबली जॉन टिप ने इस मैच की दोनों पारियों को मिलाकर कुल 99 रन बनाए थे।
#2
डैन और हर्बी टेलर
डैन और हर्बी टेलर ने दक्षिण अफ्रीका के लिए एक साथ 2 टेस्ट मैच खेले थे। यह जोड़ी 1914 में डरबन में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में एक साथ मैदान पर उतरी थी। इस जोड़ी ने उस सीरीज के आखिरी 2 टेस्ट मैच एक साथ खेले, जो डैन के करियर के भी एकमात्र 2 अंतरराष्ट्रीय मैच थे। डरबन टेस्ट की दूसरी पारी में, हर्बी और डैन ने 69 रनों की साझेदारी की थी।
#3
रेजिनाल्ड और फिलिप हैंड्स
रेजिनाल्ड और फिलिप हैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका के लिए सिर्फ एक बार, 1914 में इंग्लैंड के खिलाफ एक टेस्ट मैच में एक साथ खेला था। यह बड़े भाई रेजिनाल्ड का दक्षिण अफ्रीका के लिए पहला और एकमात्र टेस्ट था, जिसमें उन्होंने दो पारियों में 0 और 7 रन बनाए थे। फिलिप ने इस टेस्ट में 83 और 49 रन बनाए थे। फिलिप ने उस टेस्ट सीरीज में बाकी के मैच भी खेले थे।
#4
एरिक और एथोल रोवन
एरिक और एथोल रोवन ने 1948-51 के बीच एक साथ 9 टेस्ट मैच खेले, और ये सभी मैच इंग्लैंड के खिलाफ थे। इनमें से पहला मैच 1948 में डरबन में हुआ था और आखिरी मैच 1951 में 'द ओवल' में खेला गया था। यह इन दोनों का ही आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच था। बड़े भाई एरिक ने 26 मैचों में कुल 1,965 रन बनाए थे। ऑफ स्पिनर एथोल ने 15 मैचों में 54 विकेट लिए थे।
#5
एल्बी और मोर्ने मोर्केल
मोर्केल भाइयों ने दक्षिण अफ्रीका के लिए एक साथ सबसे ज्यादा मैच खेले हैं। मोर्ने और एल्बी मोर्केल भाइयों ने 2007 से 2014 के बीच कुल 46 मैच, जिनमें 20 वनडे और 26 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शामिल हैं। उन्होंने पहली बार 2007 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक वनडे मैच में एक साथ खेला था, और उनका आखिरी मैच साथ में 2014 के टी-20 विश्व कप में ग्रुप स्टेज के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ आया था।
#6 और #7
इन भाइयों की जोड़ी ने भी एक साथ खेले मैच
पीटर और ग्रीम पोलॉक ने (1963-1970) ने 7 सालों के अंतराल में एक साथ 23 टेस्ट मैच खेले थे। पोलॉक भाइयों ने पहली बार 1963 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक साथ खेला था। दोनों ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच भी 1970 में में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही खेला था। वहीं, गैरी और पीटर कर्स्टन ने एक साथ 16 मैच खेल थे, जिसमें 9 वनडे और 7 टेस्ट शामिल थे। ये सभी मैच 1994 में खेले गए थे।