न्यूजीलैंड के इन खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की सरजमीं पर बतौर कप्तान जड़े हैं टेस्ट शतक
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान टॉम लैथम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए टेस्ट सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (151) खेली। इसकी मदद से कीवी टीम बड़े स्कोर की ओर अग्रसर हो गई। इसके साथ ही वह इंग्लैंड की धरती पर बतौर कप्तान शतक जड़ने वाले केवल चौथे कीवी खिलाड़ी भी बन गए हैं। आइए यह कारनामा करने वाले अन्य कप्तानों पर नजर डाल लेते हैं।
#1
बेवन कॉन्गडन - 175 रन, लॉर्ड्स, 1973
न्यूजीलैंड से इंग्लैंड की सरजमी पर शतक जड़ने वाले पहले कप्तान बेवन कॉन्गडन थे। उन्होंने 1973 में लॉर्ड्स टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी में 175 रन की शानदार पारी खेली थी। उसमें उन्होंने 12 चौके जड़े थे। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड के पहली पारी में बनाए गए 253 रन के जवाब में कीवी टीम 551/9 का स्कोर बनाकर बढ़ी बढ़त हासिल करने में सफल रही थी। हालांकि, यह मुकाबला आखिर में ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।
#2
बेवन कॉन्गडन - 176 रन, नॉटिंघम, 1973
सूची में दूसरे नंबर पर भी कीवी कप्तान बेवन कॉन्गडन हैं। उन्होंने 1973 में नॉटिंघम टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी में 176 रन की शानदार पारी खेली थी। उसमें उन्होंने 19 चौके जड़े थे। उनकी उस पारी की बदौलत कीवी टीम पहली पारी के निराशजनक प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए 440 रन का स्कोर बनाने में सफल रही थी। हालांकि, वह हार को नहीं टाल पाए और टीम को 38 रन से हार झेलनी पड़ी।
#3
स्टीफन फ्लेमिंग - 117 रन, नॉटिंघम, 2004
सूची में तीसरे नंबर पर पूर्व कीवी कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग हैं। उन्होंने 2004 में नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी में 117 रन की शानदार पारी खेली थी। उसमें उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के जड़े थे। उनकी उस पारी की बदौलत कीवी टीम पहली पारी में 384 रन का स्कोर बनाने में सफल रही थी। हालांकि, इसके बाद भी कीवी टीम को मैच में 4 विकेट से करीबी हार झेलनी पड़ी थी।
#4
टॉम लैथम - 151 रन, ट्रेंट ब्रिज, 2026
सूची में चौथे नंबर पर अब लैथम का नाम जुड़ गया हैं। उन्होंने ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड की पहली पारी में 151 रन की शानदार पारी खेली। इसमें उन्होंने 15 चौके जड़े। उन्हाेंने डेवोन कॉनवे (157) के साथ पहले विकेट के लिए 317 रन की साझेदारी निभाई। उनकी उस पारी की बदौलत कीवी टीम पहली पारी में 400 से अधिक रन का स्कोर बनाने में सफल रही है।