लियोनल मेसी के संन्यास पर युवराज समेत इन भारतीय दिग्गजों ने दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा
क्या है खबर?
फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी और अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के कप्तान रहे लियोनल मेसी ने 21 साल के अपने सुनहरे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद सोमवार रात को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया। इस ऐतिहासिक फैसले पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह, पूर्व दिग्गल ऑलराउंडर युवराज सिंह और पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत भारतीय क्रिकेट जगत के दिग्गजों ने उन्हें भावुक और ऐतिहासिक विदाई दी है। आइए जानते हैं किसने, क्या कहा है।
प्रतिक्रिया
युवराज ने किस तरह दी संन्यास पर प्रतिक्रिया?
युवराज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मेसी के शानदार करियर और खेल पर उनके प्रभाव की सराहना करते हुए एक बेहद खास संदेश लिखा।
उन्होंने लिखा, 'ऐसे बहुत कम लोग होते हैं जो तब लीजेंड (खेल के प्रमुख खिलाड़ी) बन जाते हैं जब वे अभी भी इतिहास लिख रहे होते हैं। लियो, आप उनमें से ही एक हो। क्या अद्भुत करियर रहा है! अंतिम सीटी बजने के बहुत बाद तक यह खेल आपको याद रखेगा।'
प्ररेणा
सूर्यकुमार ने मेसी को बताया प्रेरणा का स्रोत
पूर्व भारतीय टी-20 कप्तान सूर्यकुमार ने लिखा, 'थैंक यू, लियो! आपने पूरी दुनिया को सिखाया कि कभी हार न मानने का क्या मतलब होता है। जब आपने विश्व कप जीता, तो वह सिर्फ आपकी जीत नहीं थी, बल्कि हर उस व्यक्ति की जीत थी जो अपने सपनों के लिए लड़ता है। आप सिर्फ फुटबॉल के मैदान पर नहीं, बल्कि हर खेल के खिलाड़ियों के लिए एक सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। एक शानदार अंतरराष्ट्रीय सफर के लिए बधाई।'
जानकारी
कुलदीप यादव ने इस तरह दी प्रतिक्रिया
भारतीय स्पिनर और बार्सिलोना फुटबॉल क्लब के बड़े प्रशंसक कुलदीप यादव ने भी मेसी के आधिकारिक वीडियो को रीशेयर किया। उन्होंने पुर्तगाली भाषा में मेसी के प्रति आभार जताते हुए कैप्शन लिखा, 'ओब्रिगाडो लियो' यानी थैंक यू लियो।'
विरासत
मेसी की विरासत को कभी भुलाया नहीं जा सकता - जय शाह
ICC अध्यक्ष जय शाह ने एक्स पर लिखा, 'एक युग का अंत हो गया! लियोनेल मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास की घोषणा कर दी है। एक फीफा विश्व कप, दो कोपा अमेरिका खिताब और अर्जेंटीना के लिए रिकॉर्ड 125 अंतरराष्ट्रीय गोल। मेसी ने जो विरासत पीछे छोड़ी है, वह फुटबॉल की किताबों में हमेशा के लिए अमर रहेगी।'
उन्होंने लिखा, 'खेल के प्रति आपका समर्पण अतुलनीय है। विदाई, लीजेंड! खेल को आपके जादुई पलों की हमेशा कमी खलेगी।'
जादू
मेसी के जादू को शब्दों में बयां करना नामुमकिन - चोपड़ा
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "लियोनेल मेसी का संन्यास केवल अर्जेंटीना के लिए नहीं, बल्कि पूरे खेल जगत के लिए एक बड़ा खालीपन लेकर आया है। लोग अक्सर कहते हैं कि क्रिकेट में जो मुकाम सचिन तेंदुलकर का है, फुटबॉल में वही मेसी का है। 207 मैच, 125 गोल और 65 असिस्ट, ये सिर्फ नंबर नहीं हैं, यह दो दशकों की अथक तपस्या है। खेल आपको हमेशा यादों में जिंदा रखेगा, लियो।"
जानकारी
शिखर धवन ने भी दी प्रतिक्रिया
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने एक्स पर लिखा, 'नंबर 10 के बिना अर्जेंटीना की जर्सी वैसी नहीं लगेगी।दबाव, हिम्मत, दिल टूटने और आखिर में कामयाबी से भरा करियर। क्या शानदार विरासत है, मेसी।'
संन्यास
मेसी ने कैसे की संन्यास की घोषणा?
मेसी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'राष्ट्रीय टीम को अलविदा कहने का फैसला गहरा दर्द देने वाला है, लेकिन अब विदा लेने का सही समय है। यह ऐसा अंत है जो मुझे अंदर तक चोट पहुंचा रहा है। मुझे राष्ट्रीय टीम का हिस्सा होने से हमेशा प्यार रहा है और रहेगा। मैंने अपना शत-प्रतिशत दिया है, लेकिन अब मेरे पास देने के लिए कुछ नहीं बचा है। हमारे पीछे कई बेहतरीन युवा खिलाड़ी हैं जो इस मौके के हकदार हैं।'