इन भारतीय बल्लेबाजों ने वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय को मिलाकर 15,000+ रन बनाए
क्या है खबर?
हाल ही में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय को मिलाकर 10,000 रन पूरे किए थे। क्रिकेट के इतिहास में कुछ बल्लेबाज ऐसे हुए हैं, जिन्होंने वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय को मिलाकर 15,000 से ज्यादा रन बनाने का दुर्लभ कारनामा किया है। इनमें से अब तक चुनिंदा भारतीय बल्लेबाजों ने ये कारनामा किया है। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
विराट कोहली
वनडे और टी-20 को मिलाकर सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज विराट कोहली हैं। उन्होंने सीमित ओवर प्रारूप में अब तक 19,129 रन बनाए हैं।
अपने वनडे करियर में कोहली ने 58.59 की औसत और 93.95 की स्ट्राइक रेट के साथ 14,941 रन बनाए हैं।
उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 48.69 की औसत और 137.04 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,188 रन बनाए थे। वह इस प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं।
#2
सचिन तेंदुलकर
पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में सिर्फ एक मैच खेला था, जिसमें उन्होंने 10 रन बनाए थे।
उन्होंने सीमित ओवर प्रारूप में कुल 18,436 रन बनाए थे।
बता दें कि तेंदुलकर ने अपने वनडे करियर में 463 मैच खेले थे, जिसमें 44.83 की औसत और 86.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 18,426 रन बनाए थे।
वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
#3
रोहित शर्मा
रोहित शर्मा भी इस सूची में मौजूद हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीमित ओवर प्रारूप में कुल 16,126 रन बनाए हैं।
अपने वनडे करियर में उन्होंने 288 मैचों में 48.95 की औसत और 93.04 की स्ट्राइक रेट के साथ 11,895 रन बनाए हैं।
अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 151 पारियों में 32.05 की औसत और 140.89 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,231 रन बनाए थे। वह भी इस प्रारूप को अलविदा कह चुके थे।