इंग्लैंड के इन कप्तानों ने एशियाई टीमों के खिलाफ दर्ज की है सर्वाधिक टेस्ट जीत
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान जो रूट ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 194 रनों की जीत दर्ज करते हुए बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। इस जीत से इंग्लैंड ने 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इसके साथ ही रूट टेस्ट क्रिकेट में एशियाई टीमों (भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश) के खिलाफ सर्वाधिक मैच जीतने इंग्लिश कप्तान भी बन गए हैं।
#1
जो रूट - 15 जीत
रूट का एशियाई देशों के खिलाफ कप्तानी रिकॉर्ड बेहद उत्कृष्ट रहा है।
क्रिकइंफो के अनुसार, उन्होंने एशियाई टीमों के खिलाफ बतौर कप्तान 25 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 15 में जीत और 7 में हार मिली है। 3 मैच ड्रॉ रहे।
उनकी सबसे ज्यादा 6 जीत भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ आई हैं, जिसमें 2018 की घरेलू सीरीज में 4-1 की ऐतिहासिक जीत शामिल है।
उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 5 और पाकिस्तान के खिलाफ 4 टेस्ट मैच जीते हैं।
#2
एंड्रयू स्ट्रॉस - 14 जीत
सूची में पूर्व कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस अब दूसरे पायदान पर आ गए हैं।
उन्होंने एशियाई टीमों के खिलाफ कुल 22 टेस्ट मैचों में कप्तानी करते हुए 14 में जीत और 5 में हार झेली। 3 मैच ड्रॉ रहे।
उनकी कप्तानी में भारत के खिलाफ मिलीं 4 जीत ऐतिहासिक 2011 की घरेलू सीरीज में आई थीं, जहां इंग्लैंड ने भारतीय टीम का सूपड़ा साफ किया था।
उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 6, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ 2-2 जीत दर्ज की थीं।
#3
एलिस्टेयर कुक - 12 जीत
सूची में एलिस्टेयर कुक तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने एशियाई महाद्वीप की टीमों के खिलाफ कुल 30 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिसमें उन्हें 12 मैचों में जीत मिली थी।
इसी तरह 12 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था और 6 मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए थे।
कुक की 12 जीतों में से 5 भारत के खिलाफ आई थीं। इसके अलावा उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 3, पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ 2-2 जीत हासिल की थीं।