टेस्ट क्रिकेट में इन गेंदबाजों ने सबसे कम गेंदों में 350 विकेट पूरे किए
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को तीसरे टेस्ट में 176 रन से हराया और सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। केप टाउन में खेले गए तीसरे और आखिरी टेस्ट में तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने अहम उपलब्धि हासिल की। वह टेस्ट क्रिकेट में 350 विकेट लेने वाले दक्षिण अफ्रीका के चौथे गेंदबाज बने। उन्होंने सबसे कम गेंदों में विकेटों के इस आंकड़े को छूआ। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
#1
कगिसो रबाडा (13,808 गेंदें)
क्रिकबज के मुताबिक, रबाडा ने 13,808 गेंदों में अपने 350 विकेट पूरे किए।
रबाडा ने अपने 75 टेस्ट में 350 विकेट पूरे किए। उनसे कम मैचों में ये आंकड़ा रिचर्ड हेडली (69), डेल स्टेन (69), डेनिस लिली (70), और ग्लेन मैक्ग्रा (74) ने पूरे किए थे।
रबाडा अपने टेस्ट करियर में 17 बार 5 विकेट हॉल भी ले चुके हैं। टेस्ट की एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 112 रन देते हुए 7 विकेट लेना रहा।
#2
डेल स्टेन (14,719 गेंदें)
रबाडा की इस उपलब्धि से पहले, सबसे कम गेंदों में 350 टेस्ट विकेट लेने का रिकॉर्ड स्टेन के नाम था।
दक्षिण अफ्रीका के इस पूर्व तेज गेंदबाज को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 14,719 गेंदें फेंकनी पड़ी थीं। वह अपनी तेज गति और घातक स्विंग गेंदबाजी की क्षमता के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 22.95 की औसत से 439 विकेट लिए। इसमें 26 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए।
#3
वकार यूनिस (14,905 गेंदें)
पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज वकार यूनिस ने 14,905 गेंदों का सहारा लेते हुए अपने 350 विकेट पूरे किए थे।
यूनिस ने अपने करियर का समापन 87 टेस्ट मैचों में 23.56 की औसत से कुल 373 विकेट लेकर किया था।
इस बीच उन्होंने 22 पारियों 5 विकेट हॉल लिए थे।
बता दें कि यूनिस ने अपने ज्यादातर टेस्ट मैच एशियाई पिचों पर खेले, जो आमतौर पर स्पिनरों के लिए मददगार मानी जाती हैं।
#4
मैलकम मार्शल (16,340 गेंदे)
वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज मैलकम मार्शल भी 350 से अधिक विकेट ले चुके थे। उन्होंने 16,340 गेंदों में यह आंकड़ा छूआ था।
अपने टेस्ट करियर में मार्शल ने 81 टेस्ट खेले थे, जिसमें 20.94 की औसत के साथ कुल 376 विकेट लिए थे।
दाएं हाथ के इस पूर्व तेज गेंदबाज ने 22 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए थे। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 22 रन देते हुए 7 विकेट लेना रहा था।