Page Loader
टेस्ट और वनडे क्रिकेट दोनों में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं दोहरे शतक 
गिल ने एजबेस्टन टेस्ट में लगाया दोहरा शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

टेस्ट और वनडे क्रिकेट दोनों में इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं दोहरे शतक 

Jul 04, 2025
04:55 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे एजबेस्टन टेस्ट में दोहरा शतक (259) लगाया। वह इंग्लैंड की धरती पर दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान बने। उनके इस दोहरे शतक की मदद से भारत ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 587 रन बनाए। इस बीच टेस्ट और वनडे दोनों प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

सचिन तेंदुलकर 

सचिन तेंदुलकर ने अपने टेस्ट करियर का अंत सर्वाधिक 15,921 रन के साथ किया था। उन्होंने अपने बेमिसाल करियर में 51 शतक लगाए थे, जिसमें 6 दोहरे शतक शामिल थे। तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में भी दोहरा शतक लगाने में सफलता हासिल की थी। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2010 में ग्वालियर में हुए मुकाबले में नाबाद 200 रन बनाए थे। वह वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहला दोहरा शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं।

#2 

वीरेंद्र सहवाग

वीरेंद्र सहवाग ने अपने टेस्ट करियर में 8,586 रन बनाए थे, जिसमें 23 शतक और 32 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 6 दोहरे शतक भी लगाए थे। वनडे क्रिकेट में सहवाग ने 2011 में इंदौर में खेले गए मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 गेंदों में 208 रन बनाए थे। भारत ने वो मुकाबला 153 रन से जीता था। दिलचस्प रूप से सहवाग उस वनडे में कप्तानी भी कर रहे थे।

#3 

क्रिस गेल 

वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल ने अपने टेस्ट करियर में 42.18 की औसत के साथ 7,214 रन बनाए थे। उन्होंने 3 दोहरे शतक भी लगाए थे। अपने वनडे करियर में उन्होंने 37.83 की औसत के साथ 10,480 रन बनाए थे। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 2015 में खेले गए वनडे विश्व कप में 147 गेंदों में 215 रन बनाए थे। उस मैच को कैरेबियाई टीम ने 73 रन से जीता था।

#4 

रोहित शर्मा 

रोहित शर्मा विश्व के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 3 दोहरे शतक लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 264 रन है। अपने टेस्ट करियर में रोहित ने 40.57 की औसत के साथ 4,301 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 212 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 12 शतक लगाए थे। रोहित ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए टेस्ट में दोहरा शतक जड़ा था।

#5 

शुभमन गिल 

गिल 2 प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हुए। उन्होंने टेस्ट में अपना पहला दोहरा शतक लगाया। इससे पहले वह वनडे क्रिकेट में भी 1 दोहरा शतक लगा चुके थे। उन्होंने 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में 208 रन की पारी खेली थी। गिल वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने 23 साल 132 की आयु में यह मुकाम हासिल किया है।