IPL में इन बल्लेबाजों ने सबसे कम गेंदों में बनाए हैं 5,000 रन
क्या है खबर?
चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के प्रमुख बल्लेबाज संजू सैमसन ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने 5,000 रन पूरे किए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मैच के दौरान ये मुकाम हासिल किया। वह इस लीग में सबसे तेज 5,000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शुमार हुए। इस बीच उन बल्लेबाजों पर एक नजर डालते हैं, जिन्होंने IPL में 5,000 रन पूरे करने के लिए सबसे कम गेंदों का सामना किया।
#1
एबी डिविलियर्स (3,288 गेंद)
एबी डिविलियर्स इस सूची में शीर्ष पर हैं। उन्होंने 5,000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 3,288 गेंदों का सहारा लिया था। अपने IPL करियर में डिविलियर्स ने 184 मैच की 170 पारियों में 39.71 की औसत और 151.69 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,162 रन अपने नाम किए थे। उन्होंने IPL में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के अलावा दिल्ली कैपिटल्स (DC) का भी प्रतिनिधित्व किया था।
#2
डेविड वार्नर (3,554 गेंद)
डेविड वार्नर इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने सिर्फ 3,554 गेंदों में 5,000 रन पूरे किए थे। इस तूफानी बल्लेबाज़ ने 2020 में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए यह मुकाम हासिल किया था। वार्नर ने 2009 से 2024 तक IPL में कुल 184 मैच खेले, जिसमें 40.52 की औसत और 139.77 की स्ट्राइक रेट के साथ 6,565 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 126 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 शतक और 62 अर्धशतक लगाए थे।
#3
संजू सैमसन (3,555 गेंद)
सैमसन ने IPL में अपने 5,000 रन पूरे करने के लिए 3,555 गेंदों का सहारा लिया। सैमसन ने अपने IPL करियर में अब तक 185 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने लगभग 31 की औसत के साथ 5,000 से अधिक रन बना लिए हैं। वह इस लीग में 27 अर्धशतकों के अलावा 5 शतक भी जड़ चुके हैं। IPL में उनके नाम 230 से अधिक छक्के दर्ज हैं।