दलीप ट्रॉफी के फाइनल में इन बल्लेबाजों ने खेली हैं 250+ रन की पारियां
क्या है खबर?
दलीप ट्रॉफी के इतिहास में बल्लेबाजों ने एक से बढ़कर एक पारियां खेलीं हैं। इसी क्रम में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल मैचों में कुछ खिलाड़ी दोहरा और तिहरा शतक लगाने का कारनामा कर चुके हैं। 2026 में ईस्ट जोन की कप्तानी करते हुए ईशान किशन ने 270 रन की पारी खेली और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। इस बीच टूर्नामेंट के फाइनल में 250+ रन की पारी खेलने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
रमन लांबा (320 रन, 1987-88)
दिवंगत रमन लांबा दलीप ट्रॉफी फाइनल में तिहरा शतक लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।
उन्होंने 1987-88 के फाइनल में वेस्ट जोन के खिलाफ नॉर्थ जोन के लिए रिकॉर्ड 320 रन बनाए थे।
नॉर्थ जोन के इस बल्लेबाज ने 720 मिनट तक बल्लेबाजी करते हुए 471 गेंदों का सामना किया और 30 चौके व 6 छक्के लगाए थे।
लांबा ने वेस्ट जोन के 444 रनों के जवाब में नॉर्थ जोन का स्कोर 868 तक पहुंचाया और टीम को विजेता बनाया था।
#2
ईशान किशन (270 रन, 2026-27)
दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल में किशन ने साउथ जोन के खिलाफ 334 गेंदों का सामना करते हुए 270 रन बनाए, जिसमें 30 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
यह इस टूर्नामेंट के इतिहास में उनका पहला दोहरा शतक है।
उनकी कप्तानी पारी की ही बदौलत ईस्ट जोन ने 163 ओवर बल्लेबाजी करते हुए 708 रन का पहाड़ सा स्कोर बनाया। उनके अलावा कुमार कुशाग्र ने शतक (101) लगाया।
#3
यशस्वी जायसवाल (265 रन, 2022-23)
दलीप ट्रॉफी 2022 के फाइनल में वेस्ट जोन के यशस्वी जायसवाल ने कोयंबटूर में साउथ जोन के खिलाफ 265 रनों की पारी खेली थी।
उन्होने 323 गेंदों का सामना करते हुए 30 चौकों और 4 छक्कों की मदद से ये बेहतरीन पारी खेली थी।
उनकी बदौलत वेस्ट जोन ने अपनी दूसरी पारी में 585/4 के स्कोर पर घोषित की थी।
आखिर में 529 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ जोन की टीम 234 रनों पर सिमट गई थी।
#4
चेतेश्वर पुजारा (256 रन, 2016-17)
अलग प्रारूप में खेले गए 2016 के दलीप ट्रॉफी फाइनल में प्रमुख बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने शानदार दोहरा शतक लगाया था।
इंडिया ब्लू का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 363 गेंदों पर नाबाद 256 रनों (28 चौके) की पारी खेली थी और उनकी टीम ने 693/6 के स्कोर पर पारी घोषित की थी।
इसके जवाब में इंडिया रेड 356 और 179/5 रन ही बना सकी थी और इंडिया ब्लू ने जोरदार जीत दर्ज की थी।
जानकारी
दलीप ट्रॉफी फाइनल में दोहरा शतक लगा चुके हैं अंशुमान गायकवाड़
जिस मैच में रमन लांबा ने तिहरा शतक लगाया, उसमें वेस्ट जोन के कप्तान अंशुमान गायकवाड़ ने दोहरा शतक जड़कर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 344 गेंदों पर 216 रन (31 चौके) बनाए और वेस्ट जोन के स्कोर को 444 तक पहुंचाया था।