IPL 2027 के लिए हार्दिक पांड्या में ये 3 टीमें दिखा सकती है अपनी रुचि
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस (MI) के साथ भविष्य सबसे चर्चित विषयों में से एक है। पिछले 3 संस्करण में MI के कप्तान के रूप में हार्दिक का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। IPL 2026 में टीम 9वें स्थान पर रही। उसके बाद हार्दिक के टीम छोड़ने की खबरें सामने आईं। हालांकि, वह सबसे लोकप्रिय खिलाड़ियों में शामिल हैं। आइए IPL 2027 में उनमे रुचि रखने वाली टीमों पर नजर डालते हैं।
#1
CSK के लिए मददगार साबित हो सकता है हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन
हार्दिक 146.28 की स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाने के अलावा 9.35 की इकॉनमी रेट से 82 विकेट के साथ IPL इतिहास के शीर्ष ऑलराउंडरों में से एक हैं।
रविंद्र जडेजा के जाने के बाद चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) को एक बेहतरीन ऑलराउंडर की कमी महसूस हुई है।
ऐसे में हार्दिक उनके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।
इसी तरह रुतुराज गायकवाड़ बतौर कप्तान सफल नहीं रहे हैं। ऐसे में हार्दिक को कप्तानी भी सौंपी जा सकती है।
#2
KKR को है नए कप्तान की तलाश
अजिंक्य रहाणे के संन्यास के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) नए कप्तान की तलाश में है। ऐसे में हार्दिक टीम के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं।
हार्दिक ने गुजरात टाइटंस (GT) को 2022 और 2023 में लगातार 2 बार फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
ऐसे में पांड्या को लेने से KKR को कप्तान के अलावा 25.20 करोड़ रुपये की भारी कीमत वाले कैमरून ग्रीन को रिलीज करने का मौका भी मिल सकता है।
#3
LSG को है निचले क्रम में मजबूती की आवश्यकता
IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के पास एक मजबूत शीर्ष चार बल्लेबाज थे, लेकिन एक अनुभवी फिनिशर की अनुपस्थिति ने उन्हें बहुत नुकसान पहुंचाया।
हार्दिक का टीम में शामिल होना समस्या का सटीक समाधान साबित हो सकता है।
इसी तरह टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूती मिलेगी, क्योंकि टीम में अभी कोई बेहतरीन ऑलराउंडर नहीं है।
इसी तरह ऋषभ पंत के दिल्ली कैपिटल्स (DC) में जाने के बाद टीम को नए कप्तान की भी जरूरत है।