IPL इतिहास की सबसे कामयाब, और सबसे असफल टीमें
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अब तक 18 सीजन खेले जा चुके हैं और 28 मार्च से 19वें सीजन की शुरुआत होनी है। इस लीग में अब तक मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) जैसी टीमों ने वर्चस्व बनाया है। जबकि कुछ ऐसी टीमें भी हैं, जो सभी 18 सीजन खेलने के बावजूद कभी विजेता नहीं बन सकी हैं। इस बीच IPL इतिहास की सबसे सफल और सबसे असफल टीमों के बारे में जानते हैं।
खिताब
CSK और MI ने जीते हैं 5-5 खिताब
IPL में CSK और MI ने 5-5 खिताब जीते हैं। क्रिकइंफो के मुताबिक, CSK ने IPL में कुल 253 मैच खेले हैं, जिसमें से 142 में जीत दर्ज (जीत प्रतिशत- 56.57) की है और 109 में हार झेली है। इसके अलावा 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। MI ने कुल 277 मैचों में हिस्सा लिया है, जिसमें से 153 में जीत और 124 में शिकस्त झेली है। MI का जीत प्रतिशत 55.23 रहा है।
खिताब
KKR ने जीते हैं 3 खिताब
CSK और MI के बाद KKR तीसरी सबसे सफल टीम है, जिसने 3 खिताब अपने नाम किए हैं। KKR ने लीग इतिहास में कुल 265 मैच खेले हैं, जिसमें से 136 में टीम जीती (जीत प्रतिशत- 51.71) है और 127 में शिकस्त का सामना किया है। इनके अलावा 2 मैचों के परिणाम नहीं निकल सके हैं। KKR के अलावा डेक्कन चार्जर्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), राजस्थान रॉयल्स (RR), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) ने 1-1 खिताब जीते हैं।
आंकड़े
1-1 खिताब जीतने वाली टीमों का कैसा रहा प्रदर्शन?
डेक्कन चार्जर्स ने 4 सीजन (2008-12) में कुल 75 मैच खेले, जिसमें 29 में उन्हें जीत मिली और 46 में हार झेलनी पड़ी। RCB ने 271 मैच खेले, जिसमें से 134 मैच जीते और 133 में शिकस्त मिली। इस बीच 4 मैच बेनतीजा रहे। RR ने अपने 236 मैचों में से 116 जीते (बेनतीजा-3) और 117 में हार झेली। SRH ने अपने 196 मैचों में से 94 जीते (बेनतीजा- 1) और 101 हारे।
जानकारी
GT ने किया है प्रभावशाली प्रदर्शन
GT ने अब तक 3 सीजन (2022-2025) में कुल 60 मैच खेले हैं, जिसमें 37 में जीत (जीत प्रतिशत- 61.66) और 23 में हार झेली है। GT ने 1 खिताब भी जीता है।
असफल टीमें
सभी सीजन में खेलने के बावजूद ये टीमें नहीं जीत सकी हैं खिताब
दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने सभी 18 सीजन में हिस्सा लिया है, लेकिन कोई खिताब नहीं जीता है। DC ने अब तक कुल 266 मैच खेले हैं, जिसमें से 122 में जीत को जीत मिली (जीत प्रतिशत- 46.38) है और 141 में हार झेली है। इस बीच DC के 3 मैच बेनतीजा रहे हैं। PBKS ने 263 मैचों में से 122 जीते (जीत प्रतिशत- 46.56) हैं और 140 हारे (बेनतीजा-1) हैं।