LOADING...
भारतीय क्रिकेट टीम अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी 2 टेस्ट मैचों की सीरीज
श्रीलंका के खिलाफ 2 टेस्ट मेचों की सीरीज खेल सकती है भारतीय टीम

भारतीय क्रिकेट टीम अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ खेलेगी 2 टेस्ट मैचों की सीरीज

May 18, 2026
06:25 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 2 टेस्ट मैचों की आगामी सीरीज अगस्त के दूसरे पखवाड़े में खेले जाने की संभावना है। हालांकि, दोनों मैचों की सटीक तारीखें अभी तय नहीं हुई हैं, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने 15 से 27 अगस्त तक 2 सप्ताह का समय प्रस्तावित किया है। यह सीरीज ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र का हिस्सा होगी। इस सीरीज की मेजबानी SLC ही करेगा। आइए पूरी खबर जानते हैं।

उम्मीद

LPL के बाद खेली जाएगी सीरीज

लंका प्रीमियर लीग (LPL) के 9 अगस्त को समाप्त होने के बाद ही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। प्रस्तावित समय-सीमा की जानकारी भारतीय टीम सहित इस सीरीज से जुड़े सभी हितधारकों को दे दी गई है। हालांकि, इस दौरे में शामिल किए जाने वाले 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के संबंध में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। इसको देखते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के समापन के बाद टीम तैयारियों में जुटेगी।

वार्ता

बातचीत के लिए श्रीलंका में हैं BCCI सचिव

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सचिव देवजीत सैकिया इस समय इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के प्रतिनिधिमंडल के साथ श्रीलंका में हैं। वे हाल ही में राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके की सरकार द्वारा भंग की गई SLC की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे हैं। सरकार ने अब श्रीलंका क्रिकेट ट्रांसफॉर्मेशन कमेटी नियुक्त की है। संभावना है कि इस समिति के सदस्य सैकिया के दौरे के दौरान प्रस्तावित सीरीज पर उनसे चर्चा कर सकते हैं।

Advertisement

कार्यक्रम

सितंबर में काफी व्यस्त है भारतीय टीम का कार्यक्रम

तीन मैचों की प्रस्तावित टी-20 सीरीज को पहले नवंबर में आए चक्रवात दितवाह के पीड़ितों के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से प्रस्तावित किया गया था। हालांकि, इन मैचों का आयोजन करना मुश्किल होगा क्योंकि सितंबर का महीना पहले से ही भारतीय टीमों के लिए व्यस्त है, जिसमें बांग्लादेश में 6 मैचों (3 वनडे और 3 टी-20) शामिल है। सैकिया ने बांग्लादेश सीरीज की पुष्टि नहीं की है, लेकिन तत्काल होने वाले मैचों को प्राथमिकता देने की बात कही है।

Advertisement

सवाल

बांग्लादेश दौरे को लेकर क्या है स्थिति? 

बांग्लादेश का प्रस्तावित दौरा पिछले साल दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों के कारण स्थगित हुई सीरीज का अगला चरण है। भारत-बांग्लादेश के राजनयिक संबंध भले ही सुधर रहे हैं, लेकिन सीरीज पर अभी संशय है। अगर बांग्लादेश दौरा आगे बढ़ता है, तो उसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज होगी, जो संभवतः 9 सितंबर से 4 अक्टूबर तक एशियाई खेलों के साथ मेल खाएगी, जहां 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक क्रिकेट खेला जाएगा।

Advertisement