चेन्नई में खेला जाएगा बिग बैश लीग 2026-27 का पहला मैच
क्या है खबर?
फ्रेंचाइजी क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखा जाने वाला है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) 2026-27 का पहला मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) की इस पहल का स्वागत किया है। इस मैच के दिसंबर के दूसरे सप्ताह में खेले जाने की उम्मीद है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
CA के अधिकारियों की समिति ने स्टेडियम का किया मुआयना
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, TNCA के अधिकारी ने इस खबर की पुष्टि की है। CA के अधिकारियों की 5 सदस्यीय एक समिति सोमवार (18 मई) को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच मैच में मौजूद रही। यह समिति स्टेडियम का जायजा लेने और वेन्यू को और करीब से देखने आई है। BCCI अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी CA अधिकारियों से मिलने के लिए चेन्नई में मौजूद नजर आए।
बयान
CA ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
CA के एक प्रतिनिधि ने इस घटनाक्रम की पुष्टि करने से इनकार कर दिया। इसको लेकर CA के प्रतिनिधि ने कहा, "हम अभी किसी भी बात की पुष्टि नहीं कर सकते। हम भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए ऑस्ट्रेलियाई सरकार के साथ साझेदारी में चेन्नई की संभावनाओं को तलाश रहे हैं। अभी तक कुछ भी पक्का नहीं हुआ है, और हम BCCI में अपने दोस्तों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"