टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारतीय टीम द्वारा दर्ज की गई सबसे बड़ी जीतें
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ मुल्लांपुर में खेले गए टेस्ट को पारी और 300 रन से जीता। यह भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत साबित हुई। यह एकमात्र टेस्ट सिर्फ 3 दिनों में ही समाप्त हो गया, जिसमें शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। भारतीय स्पिनरों के सामने अफगानी बल्लेबाज बेबस नजर आए। इस बीच टेस्ट इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीतों के बारे में जानते हैं।
#1
अफगानिस्तान के खिलाफ पारी और 300 रन, 2026
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की थी। मेजबान टीम से केएल राहुल (100) और शुभमन गिल (126) ने शतक लगाए थे। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पारी 152 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम से रहमत ने 135 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। भारत की ओर से मानव सुथार ने 6 विकेट लिए। इसके बाद अफगानिस्तान की दूसरी पारी वाशिंगटन सुंदर की उम्दा गेंदबाजी (4/36) से 112 पर समाप्त हुई।
#2
वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी और 272 रन से जीत, 2018
भारत को पिछली सबसे बड़ी जीत 2018 में विराट कोहली की कप्तानी में मिली थी। भारत ने राजकोट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रनों से बुरी तरह हराया था। पृथ्वी शॉ, कोहली और रविंद्र जडेजा ने शतक लगाए और मेजबान टीम ने अपनी एकमात्र पारी 649/9 के स्कोर पर घोषित की थी। वेस्टइंडीज की टीम 181 रनों पर सिमट गई और उन्हें फॉलो-ऑन के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में भी मेहमान टीम 196 पर ढेर हुई थी।
#3
अफगानिस्तान के खिलाफ पारी और 262 रन, 2018
भारत और अफगानिस्तान के बीच 2018 में बेंगलुरु टेस्ट हुआ था, जिसे मेजबान टीम ने पारी और 262 रन से जीता था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए उस मैच में मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे, जिसमें मुरली विजय और शिखर धवन ने शतक लगाए थे। जवाब में अफगान टीम की पहली पारी 109 रन पर सिमटी थी। इसके बाद फॉलऑन खेलते हुए मेहमान टीम दूसरी पारी में 103 रन पर ढेर हुई थी।
#4
बांग्लादेश के खिलाफ पारी और 239 रन, 2007
भारत ने 2007 में खेले गए मीरपुर में अपनी पहली पारी 610/3 के स्कोर पर घोषित की थी, जिसमें दिनेश कार्तिक (129), वसीम जाफर (138), राहुल द्रविड़ (129) और सचिन तेंदुलकर (122*) ने शतक लगाए थे। जवाब में बांग्लादेश की पहली पारी 118 रन पर समाप्त हुई थी, जिसमें जहीर खान ने 5 विकेट लिए थे। इसके बाद फॉलऑन खेलते हुए मेजबान टीम दूसरी पारी में 253 रन ही बना सकी थी।