BCCI ने ACC को पहले ही दे दी थी चेतावनी, नकवी को थी स्थिति की जानकारी
क्या है खबर?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम को 72 रनों से हराकर रिकॉर्ड 8वीं बार खिताब पर कब्जा जमाया। इसके बाद भारतीय टीम के एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार करने पर विवाद गहरा गया। अब सामने आया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने परुस्कार वितरण समारोह से पहले ही ACC अधिकारियों को भारत के फैसले के बारे में सूचित कर दिया था।
सूचना
BCCI ने ACC को क्या दी थी सूचना?
द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, BCCI ने ACC के अधिकारियों को पहले ही चेतावनी दे दी थी कि अगर नकवी पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होते हैं, तो भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी।
यह निर्णय BCCI द्वारा लिया गया था और भारतीय टीम इसका समर्थन करती है।
भारत के मुख्य कोच अमोल मुजुमदार ने कहा, "भारत आधिकारिक तौर पर एशिया कप का चैंपियन है। हमारे लिए ट्रॉफी मिले या न मिले, इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता है।"
एकजुटता
पिछले साल पुरुष टीम द्वारा अपनाए गए रुख के समर्थन में उठाया कदम
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि नकवी से ट्रॉफी न लेने का निर्णय पिछले साल पुरुष टीम के रुख के साथ एकजुटता दिखाने के लिए लिया गया।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच भारतीय पुरुष टीम ने ACC और ICC टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया और पिछले साल नकवी से एशिया कप ट्रॉफी लेने से भी मना कर दिया था।
दावा
हमारा सैन्य संघर्ष अभी भी जारी- सैकिया
सैकिया ने BCCI की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, "हमारा सैन्य संघर्ष अभी भी जारी है। हमारे देश के हितों के खिलाफ काम करने वाले प्रमुख नेताओं में से एक (नकवी) से हम ट्रॉफी नहीं ले सकते।"
उन्होंने आगे कहा कि हालांकि सरकारी नीति के अनुसार उन्हें बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हर देश के खिलाफ खेलना पड़ता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे उनके लिए रखी गई हर शर्त को स्वीकार करेंगे।
पृष्ठभूमि
पुरुष एशिया कप की ट्रॉफी को लेकर भी हुआ था विवाद
साल 2025 के पुरुष एशिया कप में भी ट्रॉफी को लेकर ऐसा ही विवाद देखने को मिला था।
UAE में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हराया था। इसके बाद ट्रॉफी देने को लेकर देरी हुई और इस बात पर चर्चा चलती रही कि विजेता टीम को ट्रॉफी कौन सौंपेगा।
अंत में भारत ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद खिलाड़ियों ने ट्रॉफी के बिना ही जीत का जश्न मनाया था।