टेस्ट क्रिकेट: ये भारतीय गेंदबाज अपने डेब्यू मैच में बने हैं प्लेयर ऑफ द मैच
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाज मानव सुथार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना यादगार डेब्यू किया। उन्होंने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में कुल 7 विकेट लिए, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। भारतीय टीम ने मुल्लांपुर में खेला गया ये टेस्ट पारी और 300 रन से जीता। यह टेस्ट में भारतीय टीम की सबसे बड़ी जीत है। इस बीच टेस्ट डेब्यू में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले भारतीय गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
आरपी सिंह (बनाम पाकिस्तान, 2006)
भारत और पाकिस्तान के बीच 2006 में फैसलाबाद में खेला गया टेस्ट ड्रॉ रहा था। उस मैच से आरपी सिंह ने टेस्ट क्रिकेट में अपना कदम रखा था। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पाकिस्तान की पहली पारी में 25 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 89 रन देते हुए 4 विकेट लिए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने एक सफलता हासिल की थी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
#2
रविचंद्रन अश्विन (बनाम वेस्टइंडीज, 2011)
रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में अपना डेब्यू किया था। उन्होंने कैरेबियाई टीम की पहली पारी में 81 रन देते हुए 3 विकेट लिए थे। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने 47 रन देते हुए 6 विकेट लिए थे। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। मैच में कुल 9 विकेट लेने के चलते अश्विन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
#3
मानव सुथार (बनाम अफगानिस्तान, 2026)
बाएं हाथ के स्पिनर सुथार ने मैच के दूसरे दिन के दौरान अब्दुल मलिक (16), रहमानुल्लाह गुरबाज (12) और अफसर जजई (3) के विकेट लिए। दूसरे दिन अपनी फिरकी से प्रभाव छोड़ने वाले सुथार ने तीसरे दिन के पहले सत्र में शराफुद्दीन अशरफ (11), रहमत शाह (60) और मोहम्मद सलीम साफी (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 22 ओवर में 33 रन देते हुए ये 6 सफलताएं हासिल की। अफगानिस्तान की दूसरी पारी में उन्होंने एक विकेट लिया।