Page Loader
टेस्ट क्रिकेट: एक कैलेंडर वर्ष में इन भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए हैं सर्वाधिक छक्के
जायसवाल ने 2024 में लगाए 36 छक्के (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: एक कैलेंडर वर्ष में इन भारतीय बल्लेबाजों ने लगाए हैं सर्वाधिक छक्के

Jan 01, 2025
06:02 pm

क्या है खबर?

टेस्ट क्रिकेट में 2024 का साल भारतीय क्रिकेट टीम के लिए अच्छा नहीं समाप्त हुआ। भारत ने बीते साल कुल 15 टेस्ट खेले, जिसमें 8 में उसे जीत मिली और 6 टेस्ट में हार का सामना किया। इसके अलावा भारत ने एक टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ। उतार-चढ़ाव भरे सफर के बीच भारतीय बल्लेबाजों ने खूब छक्के लगाए। इस बीच एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

यशस्वी जायसवाल (36 छक्के, 2024)

साल 2024 में यशस्वी जायसवाल टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे। उन्होंने 15 टेस्ट की 29 पारियों में 54.74 की औसत के साथ 1,478 रन बनाए। इस बीच नाबाद 214 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 शतक और 9 अर्धशतक लगाए। उन्होंने बीते साल टेस्ट में सर्वाधिक 36 छक्के लगाए और वह एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

#2 

वीरेंद्र सहवाग (22 छक्के, 2008)

वीरेंद्र सहवाग 2008 में अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में थे, उन्होंने उस साल टेस्ट क्रिकेट में 22 छक्के लगाए थे। टेस्ट में उनका दूसरा तिहरा शतक उसी साल पाकिस्तान के खिलाफ आया था। सहवाग ने 2008 में 56.23 की औसत से 1,462 टेस्ट रन बनाए थे। उन्होंने अपने करियर में 104 टेस्ट मैच खेले, जिसमें लगभग 50 की औसत के साथ 8,586 रन बनाए। उन्होंने अपने करियर में 23 शतक भी लगाए थे।

#3 

ऋषभ पंत (21 छक्के, 2022)

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 2022 में टेस्ट क्रिकेट में 21 छक्के लगाए थे। उन्होंने उस साल इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में शतक बनाए और 61.81 की औसत से 680 रन बनाए थे। खास बात यह है कि उनका स्ट्राइक रेट 90.90 रहा था। साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से ही पंत ने टेस्ट क्रिकेट में खुद को स्थापित किया है।

#4 

रोहित शर्मा (20 छक्के, 2019)

मौजूदा भारतीय टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा के लिए 2019 का साल अच्छा रहा था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 20 छक्के लगाकर उस यादगार साल का अंत किया था। रोहित ने 2019 में सिर्फ 6 पारियों में 3 शतक जड़े और 92.66 की औसत से 556 रन बनाए थे। अपने टेस्ट करियर में उन्होंने अब तक 67 मैच खेले हैं, जिसमें 40.57 की औसत के साथ 4,301 रन बनाए हैं। इस बीच 12 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं।