टेस्ट क्रिकेट: अफगानिस्तान के इन तेज गेंदबाजों ने लिए हैं 5 विकेट हॉल
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। मुल्लांपुर टेस्ट में इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने भारत की पहली पारी के दौरान 6 विकेट लिए। इसके बावजूद मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की। इस बीच अफगानिस्तान की ओर से टेस्ट में 5 विकेट हॉल लेने वाले तेज गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।
#1
जियाउर रहमान (7/97 बनाम जिम्बाब्वे, हरारे, 2025)
अफगानिस्तान को 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए इकलौते टेस्ट में पारी और 73 रन से हार मिली थी। हरारे में हुए उस मैच में अफगान टीम के तेज गेंदबाज जियाउर रहमान ने 97 रन देते हुए 7 विकेट लिए थे। उनकी घातक गेंदबाजी के बावजूद मेजबान टीम ने 359 रन बनाए थे। वहीं, अफगान टीम ने अपनी दोनों पारियों में क्रमशः 127 और 159 रन के स्कोर किए थे।
#2
मोहम्मद सलीम (6/140 बनाम भारत, मुल्लांपुर, 2026)
सलीम ने सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (24), साई सुदर्शन (81), शुभमन गिल (126), ध्रुव जुरेल (19), मानव सुथार (28) और मोहम्मद सिराज (22) को अपना शिकार बनाया। मैच के पहले दिन सलीम ने 2 विकेट लिए थे। दूसरे दिन के इस खिलाड़ी ने 4 विकेट चटकाए। उन्होंने भारत की पहली पारी में 27 ओवर गेंदबाजी की और 3 मेडन के साथ 140 रन देकर 6 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 5.20 की रही।
#3
निजात मसूद (5/79 बनाम बांग्लादेश, मीरपुर, 2023)
अफगानी तेज गेंदबाज निजात मसूद ने 2023 में बांग्लादेश की पहली पारी में 79 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। यह मसूद का पहला ही टेस्ट था, जिसमें उन्होंने 5 विकेट हॉल लेने कारनामा किया था। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 382 रन बनाए थे, जिसके जवाब में अफगान टीम 146 रन पर सिमटी थी। इसके बाद बांग्लादेश ने 425/4 के स्कोर पर पारी घोषित की और आखिर में अफगानिस्तान को हार मिली।