टेस्ट क्रिकेट: जो रूट ने इन टीमों के खिलाफ बनाए हैं 2,000+ रन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट टेस्ट क्रिकेट में 14,000 से अधिक रन बना चुके हैं। वह खेल के सबसे बड़े प्रारूप में सचिन तेंदुलकर के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रूट ने ओवल टेस्ट के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने 2,000 रन पूरे किए थे। रूट अब तक 3 देशों के खिलाफ 2,000+ टेस्ट रन बना चुके हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।
#1
जो रूट बनाम भारत
रूट भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। भारतीय टीम के विरुद्ध उन्होंने 35 टेस्ट मैचों की 64 पारियों में 59.35 की औसत से 3,383 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं। वह भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैचों में 3,000+ रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। इस द्विपक्षीय सीरीज में रूट के बाद तेंदुलकर (2,535) दूसरे स्थान पर हैं।
#2
जो रूट बनाम ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ रूट ने पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। उन्होंने अब तक 39 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 75 पारियों में 40.98 की औसत से 2,828 रन बनाए हैं। इस दौरान 180 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 6 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। वह 7 पारियों में शून्य पर भी आउट हुए हैं। वह एशेज सीरीज में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
#3
जो रूट बनाम न्यूजीलैंड
रूट कीवी टीम के खिलाफ 2,000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। इस स्टार खिलाड़ी ने 'द ओवल' टेस्ट की चौथी पारी में अपना 20वां रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की थी। इस टीम के विरुद्ध रूट ने 226 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं। बता दें कि रूट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2013 में खेला था।