टेस्ट क्रिकेट: जो रूट ने इन टीमों के खिलाफ बनाए हैं 1,500+ रन
क्या है खबर?
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने टेस्ट क्रिकेट में 14,000 से अधिक रन बनाए हैं। वह इस प्रारूप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रूट ने विश्व की तमाम बड़ी टीमों के खिलाफ रनों के अंबार लगाए हैं। उन्होंने हाल ही में हेडिंग्ले टेस्ट में अपनी पहली पारी के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ 1,500 रन का आंकड़ा पार किया। उन देशों के बारे में जानते हैं, जिनके खिलाफ रूट ने 1,500+ रन बनाए हैं।
#1
जो रूट बनाम भारत
रूट भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
भारतीय टीम के विरुद्ध उन्होंने 35 टेस्ट मैचों की 64 पारियों में 59.35 की औसत से 3,383 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 13 शतक और 12 अर्धशतक निकले हैं।
वह भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैचों में 3,000+ रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। इस द्विपक्षीय सीरीज में रूट के बाद तेंदुलकर (2,535) दूसरे स्थान पर हैं।
#2
जो रूट बनाम ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज खेली जाती है, जिसमें रूट का बल्ला खूब चला है।
उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ अब तक 39 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 75 पारियों में 40.98 की औसत से 2,828 रन बनाए हैं।
इस दौरान 180 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 6 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं।
वह एशेज सीरीज में इंग्लैंड की ओर से चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
#3
जो रूट बनाम न्यूजीलैंड
रूट न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2,000 टेस्ट रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।
इस टीम के विरुद्ध रूट ने 24 टेस्ट में 49.90 की औसत के साथ 2,096 रन बनाए थे।
कीवी टीम के विरुद्ध रूट ने 226 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 10 अर्धशतक लगाए हैं।
बता दें कि रूट ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2013 में खेला था।
#4
जो रूट बनाम वेस्टइंडीज
जो रूट के वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ भी आंकड़े प्रभावशाली रहे हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 17 टेस्ट खेले हैं, इसकी 29 पारियों में उन्होंने 56.03 की औसत के साथ 1,513 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 6 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं।
कैरेबियाई टीम के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 182 रन रहा है।
उन्होंने इस टीम के खिलाफ अपना पहला टेस्ट 2015 में खेला था।
#5
जो रूट बनाम पाकिस्तान
रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ 19 टेस्ट खेले हैं और इसकी 32 पारियों में उन्होंने लगभग 55 की औसत के साथ 1,500 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 2 शतक और 7 अर्धशतक लगाए हैं। वह इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन वाले इंग्लिश खिलाड़ी बन सकते हैं।
बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ फिलहाल सर्वाधिक रन वाले इंग्लिश बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक (1,719) हैं।