टेस्ट क्रिकेट: इन कप्तानों के नेतृत्व में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 1 से अधिक मैच जीते
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वह लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे थे। उन्होंने सीमित मौकों पर ही भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी की, जिसमें उन्हें सफलता मिली। रहाणे के नेतृत्व में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज जीती थी। इस बीच भारत के उन कप्तानों के बारे में जानते हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में एक से अधिक टेस्ट जीते हैं।
#1
बिशन सिंह बेदी
पूर्व दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर 5 टेस्ट में कप्तानी की थी, जिसमें से 2 में टीम को जीत मिली थी।
उनको ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 1977-78 में भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया था।
बेदी की अगुआई में भारत ने मेलबर्न और सिडनी में खेले गए मैचों की जीत दर्ज की थी। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने उस सीरीज को 3-2 से जीता था।
मेजबान टीम ने ब्रिसबेन, पर्थ और एडिलेड टेस्ट जीते थे।
#2
विराट कोहली
विराट कोहली पहले ऐसे कप्तान बने थे, जिनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए टेस्ट सीरीज जीती थी।
2018 में भारत ने कोहली के नेतृत्व में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2-1 जीती थी। भारत ने एडिलेड और मेलबर्न टेस्ट जीते थे।
इसके बाद 2020-21 में ऑस्ट्रेलियाई दौरे के पहले टेस्ट में उनके अगुआई में टीम हारी थी। इसके बाद वह व्यक्तिगत कारणों से बची हुई सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे।
#3
अजिंक्य रहाणे
कोहली की अनुपस्थिति और प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद भारत ने 2020-21 सीरीज जीती थी।
रहाणे की कप्तानी में भारत ने अगले 3 में से 2 टेस्ट जीते और एक ड्रॉ खेला था।
यह ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत की सिर्फ दूसरी ही सीरीज जीत थी।
दिलचस्प रूप से रहाणे ने कुल 6 टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी की, जिसमें 4 में जीत मिली और 2 मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए थे।
जानकारी
इनके नेतृत्व में एक टेस्ट जीता है भारत
ऑस्ट्रलिया में खेलते हुए टेस्ट मैच जीतना बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है। जसप्रीत बुमराह, सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली और अनिल कुंबले की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में 1-1 टेस्ट जीते हैं। महेंद्र सिंह धोनी कभी ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट मैच नहीं जिता सके थे।