LOADING...
टेस्ट क्रिकेट: लॉर्ड्स के मैदान पर सर्वाधिक बार 5 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज
एटकिंसन ने चौथी बार लॉर्ड्स में 5 विकेट हॉल लिए (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टेस्ट क्रिकेट: लॉर्ड्स के मैदान पर सर्वाधिक बार 5 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज

Jun 08, 2026
01:30 pm

क्या है खबर?

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 115 रन से हराया। इस मैच में जीत के लिए मिले 254 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कीवी टीम की दूसरी पारी 138 रन पर सिमट गई। मैच की चौथी और न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के दौरान गस एटकिंसन ने 5 विकेट हॉल लिया। इस बीच लॉर्ड्स के मैदान पर सर्वाधिक बार 5 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

इयान बॉथम (8 बार)

इयान बॉथम इस खास सूची में सबसे ऊपर हैं। अपने शानदार करियर में बॉथम ने लॉर्ड्स में 8 बार, एक पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए। उनके नाम एक मैच में कुल 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। क्रिकइंफो के अनुसार, लॉर्ड्स में गेंदबाजी करते हुए बॉथम ने 15 टेस्ट मैचों में 24.53 की औसत से 69 विकेट लिए। उनके नाम इस मैदान पर एक पारी में सबसे बेहतरीन गेंदबाज (8/34) का भी रिकॉर्ड दर्ज है।

#2 

जेम्स एंडरसन (7 बार)

टेस्ट इतिहास के सबसे सफल तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने लॉर्ड्स में 29 टेस्ट मैचों में 7 बार 5 विकेट हॉल लिए। यह दिग्गज तेज गेंदबाज इस मैदान पर सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में सबसे ऊपर है। 56 पारियों में उन्होंने 24.81 की औसत से 123 विकेट लिए। इसमें 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 7/42 का उनका सर्वश्रेष्ठ पारी का प्रदर्शन भी शामिल है। कुल मिलाकर एंडरसन ने अपने करियर में 704 टेस्ट विकेट लिए थे।

Advertisement

#3 

फ्रेड ट्रूमैन (5 बार)

फ्रेड ट्रूमैन ने 1952 से 1965 के बीच इंग्लैंड के लिए खेला था, वह इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने लॉर्ड्स के मैदान पर 12 टेस्ट मैचों में 5 बार, एक पारी में कम से कम 5 विकेट लिए। टेस्ट करियर में उनके नाम 22.12 की औसत से कुल 53 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में कभी भी नो बॉल नहीं की थी।

Advertisement

#4 

गस एटकिंसन और डेरेक अंडरवुड (4-4 बार)

एटकिंसन इस सूची में शामिल होने वाले नए खिलाड़ी बन गए हैं। इस इंग्लिश तेज गेंदबाज ने लॉर्ड्स में सिर्फ 3 टेस्ट मैचों में 4 बार 5 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। इस मैदान पर उन्होंने सिर्फ 6 पारियों में 9.5 के शानदार औसत से 23 विकेट लिए हैं। एटकिंसन ने पूर्व स्पिनर डेरेक अंडरवुड की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 1968 और 1980 के बीच लॉर्ड्स में 4 पारियों में कम से कम 5 विकेट लिए थे।

Advertisement