टेस्ट क्रिकेट: कप्तान के तौर पर एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी
क्या है खबर?
टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी के दौरान गेंदबाजों पर जिम्मेदारी और दबाव दोनों बढ़ जाते हैं। कई खिलाड़ियों ने इस भूमिका को बखूबी निभाते हुए अपनी गेंदबाजी से यादगार प्रदर्शन किए हैं। कुछ कप्तानों ने एक ही पारी में विपक्षी टीम के बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस करते हुए शानदार गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए। ऐसे में आइए उन कप्तानों पर नजर डालते हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन किए हैं।
#1
कपिल देव (9/83, 1983)
पहले स्थान पर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव हैं।
उन्होंने 1983 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कप्तानी करते हुए दूसरी पारी में 30.3 ओवर गेंदबाजी की थी। इस दौरान उन्होंने 6 मेडन के साथ 83 रन देकर 9 विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी 2.72 की रही थी।
वेस्टइंडीज की पूरी टीम 201 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
हालांकि, अहमदाबाद में हुए इस मुकाबले में भारत को 138 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#2
इमरान खान (8/60, 1982)
दूसरे स्थान पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इमरान खान हैं।
उन्होंने 1982 में भारत के खिलाफ कराची टेस्ट में कप्तानी करते हुए 8/60 के शानदार गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए थे।
उनकी घातक गेंदबाजी के सामने भारत की दूसरी पारी सिर्फ 197 रन पर सिमट गई थी।
इमरान ने 20.1 ओवर गेंदबाजी करते हुए 4 मेडन ओवर भी डाले थे। उनकी इकॉनमी रेट 2.97 की रही थी। पाकिस्तान ने यह टेस्ट पारी और 86 रन से जीता था।
#3
रंगना हेराथ (8/63, 2016)
साल 2016 में श्रीलंका क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे के दौरे पर गई थी। उस सीरीज में श्रीलंका की कप्तानी रंगना हेराथ कर रहे थे।
हरारे में खेले गए दूसरे टेस्ट में हेराथ ने जिम्बाब्वे की दूसरी पारी में 8/63 के शानदार गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए थे।
491 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे केवल 233 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
हेराथ ने 23 ओवर गेंदबाजी की थी, जिसमें 6 मेडन ओवर शामिल थे। उनकी इकॉनमी 2.73 की थी।
#4
कपिल देव (8/106, 1985)
सूची में चौथे स्थान पर भी कपिल ही हैं। उन्होंने 1985 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड में बतौर कप्तान शानदार गेंदबाजी की थी।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 381 रन पर समाप्त हुई थी। कपिल ने 38 ओवर गेंदबाजी करते हुए 6 मेडन ओवर के साथ 106 रन देकर 8 विकेट चटकाए थे। उनकी इकॉनमी रेट 2.78 की रही थी।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ था।