IPL इतिहास में सर्वाधिक बार 250+ रन का स्कोर बनाने वाली टीमें
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खूब रन बन रहे हैं। अब तक कई टीमें 200 रन का आंकड़ा छू चुकी हैं। इसी क्रम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले में 250/3 का स्कोर बनाया और आखिरकार मैच में 43 रन से जीत दर्ज की। इस बीच IPL के इतिहास में सर्वाधिक बार 250 रन का आंकड़ा छूने वाली टीमों के बारे में जानते हैं।
#1
सनराइजर्स हैदराबाद (5 बार)
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पिछले कुछ सालों में आक्रामक बल्लेबाजी करने वाली टीमों में शुमार है। SRH ने सबसे ज्यादा 5 बार 250 रन का आंकड़ा पार किया है। IPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी इसी टीम के नाम पर है। SRH ने 2024 में RCB के खिलाफ 287/3 का स्कोर बनाया था। दिलचस्प रूप से इस लीग के शीर्ष-4 स्कोर SRH के नाम पर ही दर्ज हैं।
#2
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (3 बार)
RCB ने तीसरी बार 250 रन का आंकड़ा पार किया। इससे पहले RCB ने 2013 में पुणे वारियर्स के खिलाफ 263/5 का स्कोर बनाया था। उस मैच में क्रिस गेल ने नाबाद 175 रन बनाए थे। इनके अलावा RCB ने 2024 में SRH के विरुद्ध 262/7 रन का स्कोर बनाया था। दिलचस्प रूप से RCB को उस मैच में 25 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
#3
कोलकाता नाइट राइडर्स (2 बार)
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की टीम 2 बार 250 से अधिक रन बना चुकी है। KKR ने पहली बार 2024 में DC के खिलाफ 272/7 का स्कोर बनाया था। उस मैच में सुनील नरेन ने 39 गेंदों में 85 रन बनाए थे और KKR ने 106 रन से जीत दर्ज की थी। IPL 2024 में KKR ने PBKS के विरुद्ध 261/6 का स्कोर बनाया था। उस मैच में KKR को हार मिली थी।
जानकारी
इन टीमों ने 1-1 बार बनाए 250+ रन
IPL के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स (DC), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और पंजाब किंग्स (PBKS) ने 1-1 बार 250+ रन बनाए हैं। वहीं, MI, CSK, RR और GT ने कभी ये आंकड़ा नहीं छूआ है।