Page Loader
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला, पहला टी-20: तजमीन ब्रिट्स और मारिजान कप्प ने जड़े अर्धशतक
तजमीन ब्रिट्स ने धमाकेदार पारी खेली (तस्वीर: एक्स/@ProteasWomenCSA)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला, पहला टी-20: तजमीन ब्रिट्स और मारिजान कप्प ने जड़े अर्धशतक

Jul 05, 2024
09:15 pm

क्या है खबर?

भारतीय महिला क्रिकेट टीम और दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के बीच पहले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। तजमीन ब्रिट्स (81) और मारिजान कप्प (57) ने उम्दा पारियां खेलीं। दोनों का भारतीय टीम के खिलाफ यह पहला अर्धशतक है। ब्रिट्स का तो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। ऐसे में आइए दोनों की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डाल लेते हैं।

पारी

कैसी रही तजमीन ब्रिट्स की पारी और साझेदारी?

ब्रिट्स ने 56 गेंद का सामना किया और 81 रन बनाए। वह सलामी बल्लेबाज के तौर पर मैदान पर उतरी थी। उनके बल्ले से 10 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 144.64 की रही। इस खिलाड़ी ने पहले कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ 43 गेंद में 50 रन जोड़े। इसके बाद कप्प के साथ 56 गेंद में 96 रन की साझेदारी निभाई। क्लो ट्रायोन के साथ भी उन्होंने 18 गेंद में 38 रन जोड़ दिए।

बल्लेबाजी

कैसी रही मारिजान कप्प की पारी?

कप्प नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आई थी। उन्होंने 33 गेंद का सामना किया और 57 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 172.73 की रही। इन दोनों की धमाकेदार पारियों का ही नतीजा था कि दक्षिण अफ्रीका 20 ओवर में सिर्फ 4 विकेट खोकर 189 रन बनाने में सफल रही। इन दोनों बल्लेबाजों के सामने भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए। दोनों के कई कैच भी छोड़े गए।

करियर

ब्रिट्स के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 

यह ब्रिट्स के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 78 रन की पारी खेली थी और वह उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। उन्होंने अब तक 52 मुकाबले खेले हैं और इसकी 49 पारियों में 1,248 रन बनाने में सफल रही हैं। उनके बल्ले से 10 अर्धशतक निकले हैं। उनकी औसत 31.20 और स्ट्राइक रेट 106.84 की रही है। वह 9 बार अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में नाबाद भी रही हैं।

पहला

कप्प का भारतीय टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक 

कप्प का भारतीय टीम के खिलाफ पहला और टी-20 अंतरराष्ट्रीय का 5वां अर्धशतक है। उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 104 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसकी 87 पारियों में वह 103.11 की स्ट्राइक रेट और 21.25 की औसत से 1,488 रन बनाने में कामयाब रही हैं। वह 17 बार अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में नाबाद भी रही हैं।