टी-20 विश्व कप 2026: सूर्यकुमार यादव ने USA के खिलाफ बनाए नाबाद 84 रन, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी-20 विश्व कप 2026 के तीसरे मैच में अमेरिका क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद अर्धशतक (84) लगाया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय का कुल 25वां और अमेरिका के खिलाफ दूसरा अर्धशतक साबित हुआ। उनकी पारी की मदद से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 161/9 का स्कोर बनाया। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
संघर्षपूर्ण रही सूर्यकुमार की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने जब 45 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब सूर्यकुमार क्रीज पर आए। USA के गेंदबाजों ने एक छोर से निरंतर विकेट गिराए। संकट की घड़ी में सूर्यकुमार ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 49 गेंदों में 84 रन (चौके- 10, छक्के- 10) बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अक्षर पटेल (14) के साथ मिलकर 7वें विकेट के लिए 41 रन की उपयोगी साझेदारी की।
आंकड़े
सूर्यकुमार ने बतौर कप्तान 1,000 टी-20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे किए
सूर्यकुमार ने बतौर कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 1,000 रन पूरे किए। वह भारत की ओर से ऐसा करने वाले तीसरे कप्तान बने। बता दें कि रोहित शर्मा ने 62 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में नेतृत्व करते हुए 149.76 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,905 रन बनाए थे। भारतीय दिग्गज विराट कोहली ने 50 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में टीम की अगुआई करते हुए 140.55 की स्ट्राइक रेट से 1,570 रन बनाए थे।
रिकॉर्ड्स
सूर्यकुमार ने बनाए ये अन्य रिकॉर्ड्स
टी-20 विश्व कप के इतिहास में सूर्यकुमार अब कप्तान के तौर पर डेब्यू पारी में दूसरा सबसे बड़े स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस मामले में उनसे आगे क्रिस गेल (88 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2009) हैं। सूर्यकुमार बतौर भारतीय कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्री में दूसरी सर्वोच्च पारी खेलने वाले खिलाड़ी बने। इस सूची में रोहित शर्मा (92 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) उनसे आगे हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप में अपने 500 रन भी पूरे किए।
आंकड़े
शानदार रहा है सूर्यकुमार का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
सूर्यकुमार ने साल 2021 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह अब तक 105 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिसकी 99 पारियों में लगभग 37 की औसत से 3,100 से अधिक रन अपने नाम कर चुके हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 117 रन का रहा है। वह 25 अर्धशतक के अलावा 4 शतक भी अपने नाम कर चुके हैं। वह इस प्रारूप में भारत से तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।