LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: सूर्यकुमार यादव ने फाइनल से पहले दिया अहम बयान, जानिए क्या कहा
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल से पहले अहम बयान दिया है

टी-20 विश्व कप 2026: सूर्यकुमार यादव ने फाइनल से पहले दिया अहम बयान, जानिए क्या कहा

Mar 07, 2026
07:26 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम 8 मार्च को टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम से भिड़ने को तैयार है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें इस मुकाबले के लिए तैयार है। इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टीम के प्रमुख स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का बचाव किया है। इसी तरह उन्होंने पिच को लेकर भी अहम बयान दिया है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।

बचाव

सूर्यकुमार ने इस तरह किया वरुण का बचाव

सूर्यकुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरुण की मौजूदा फॉर्म पर कहा, "हमें उनकी बिल्कुल भी चिंता नहीं है। वह विश्व के नंबर एक गेंदबाज हैं। उन्हें पता है कि कब क्या करना है, किस विपक्षी टीम के खिलाफ कैसे गेंदबाजी करनी है। उन्हें पता है कि आगे बढ़कर हमारे लिए मैच कैसे जीतने हैं। मुझे पूरा यकीन है कि वह ऐसा करेंगे।" उन्होंने कहा, "बदलावों के बारे में आपको कल पता चल जाएगा। आज तो पता नहीं चल सकता।"

पिच

अहमदाबाद की पिच को लेकर क्या बोले सूर्यकुमार?

अहमदाबाद की पिच कैसी है और क्या फाइनल के लिए लाल-काली मिट्टी के मिश्रण वाली पिच की अटकलें सही हैं, तो उन्होंने कहा, "अगर मुझे यहां से फुर्सत मिली, तो मैं जाकर जरूर देखूंगा। मैं सीधे ड्रेसिंग रूम से आया हूं। मुझे कोई भी पिच ठीक लगती है। किसी भी तरह की मिट्टी चलेगी। हम पूरे टूर्नामेंट में दोनों तरह की मिट्टी की पिचों पर खेले हैं। इसलिए, मुझे किसी भी तरह की मिट्टी से कोई दिक्कत नहीं है।"

Advertisement

बयान

रोहित को लेकर भी दिया अहम बयान

सूर्यकुमार ने कहा, "ये मेरे जूते हैं, लेकिन उनके (रोहित शर्मा) पदचिह्न हैं। उनके मार्गदर्शन में खेलते हुए मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। मैंने भी उन्हीं की रणनीति अपनाई। गौतम गंभीर का अनुभव भी बहुत महत्वपूर्ण है।" उन्होंने कहा, "मैंने भी कुछ इसी तरह की चीजों को लागू करने की कोशिश की, साथ ही अपने कुछ विचार भी इसमें शामिल किए। हमने 2 साल पहले से इसकी तैयारी शुरू की थी। उम्मीद है, अच्छा क्रिकेट खेलेंगे।"

Advertisement

मंत्र

सूर्यकुमार ने बताया अपनी कप्तानी का मंत्र

सूर्यकुमार ने अपनी कप्तानी पर कहा, "मुझे लगता है कि एक अच्छी टीम संस्कृति और खुशनुमा माहौल ही सफलता की कुंजी है। अगर आप चाहते हैं कि खिलाड़ी मैदान पर खुलकर खेलें, तो उन्हें बोलने की आजादी देना और मैदान के बाहर उनके विचारों को सुनना बहुत जरूरी है।" उन्होंने कहा, "कप्तान और नेता होना सिर्फ पद है। आपको सभी खिलाड़ियों से बात करनी होगी और जानना होगा कि वे टीम को किस तरह से संचालित होते देखना चाहते हैं।"

तारीफ

सूर्यकुमार ने की सैमसन की तारीफ

सूर्यकुमार ने कहा, "पिछली द्विपक्षीय सीरीज के दौरान हमने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन की जोड़ी का महत्व देखा। हमें पता था कि बाएं, दाएं, बाएं बल्लेबाजों की इस जोड़ी से कितना फायदा हुआ है।" उन्होंने कहा, "मैंने देखा कि जब वह (सैमसन) खेल नहीं रहा था तब भी उसने कितनी मेहनत की। यह भी बहुत महत्वपूर्ण था। मुझे लगता है कि यह उसकी उस मेहनत का फल है जो उसने न खेलते हुए की थी।"

जवाब

सूर्यकुमार ने दिया सैंटनर के बयान का जवाब

फाइनल से पहले कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि ट्रॉफी जीतने के लिए कुछ लोगों का दिल तोड़ने में उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। इस सवाल पर सूर्यकुमार ने कहा, "सब लोग एक ही बात कह रहे हैं। उन्हें कुछ नया करने की कोशिश करनी चाहिए। यह एक खास एहसास है। हर कोई बहुत उत्साहित है। हमारी टीम में बहुत अच्छा माहौल है। हम फाइनल के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"

Advertisement