टी-20 विश्व कप में भारत के खिलाफ पहली जीत दर्ज करना चाहेगी जिम्बाब्वे, जानिए प्रीव्यू
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 48वें मैच में भारतीय क्रिकेट टीम का सामना जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम से गुरुवार (26 फरवरी) को होगा। यह सुपर-8 चरण में ग्रुप-1 का मुकाबला होगा। दोनों ही टीमों के इस चरण में अपने-अपने पहले मुकाबलों में करारी हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए दोनों ही टीमें जीत दर्ज करने का प्रयास करेगी। ऐसे में आइए मुकाबले का प्रीव्यू और अन्य जरूरी बातों पर नजर डाल लेते हैं।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारी रहा है भारत का पलड़ा
टी-20 प्रारूप में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 13 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 10 में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि जिम्बाब्वे टीम केवल 3 मुकाबले जीतने में सफल रही है। इसी तरह टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच अब तक केवल एक मुकाबला खेला गया है, जिसे भारतीय टीम ने अपने नाम किया था। ऐसे में अब जिम्बाब्वे जीत दर्ज करना चाहेगी।
प्लेइंग इलेवन
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म चिंता का विषय है। सुपर-8 के इस अहम मुकाबले में उनसे खोई फॉर्म हासिल करने की उम्मीद होगी। इसी तरह ईशान किशान और कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी बड़ी पारी की उम्मीद रहेगी। गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह पर दारोमदार होगा। भारत की संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, और अर्शदीप सिंह।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है जिम्बाब्वे टीम
जिम्बाब्वे की टीम अपनी प्लेइंग इलेवन में ज्यादा बदलाव करने को नहीं देखेगी। टीम के सलामी बल्लेबाज ब्रायन बेनेट शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। ऐसे में उनसे एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी। कप्तान सिकंदर रजा बल्लेबाजी और गेंदबाजों दोनों में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे। जिम्बाब्वे की संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, तादिवानाशे मारुमानी (विकेटकीपर), डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
पिच
कैसा रहेगा चेन्नई की पिच का मिजाज?
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच में आमतौर पर स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाज सतह का फायदा ले सकते हैं। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है, जो मैच के आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाज अगर अपनी नजरें जमा लें तभी बड़ा स्कोर बना सकते हैं। यहां बड़े-बड़े स्कोर बनते हुए नहीं देखे गए हैं। ऐसे में टीमों को संयम से खेलना होगा।
जानकारी
कैसा रहेगा चेन्नई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 26 फरवरी को चेन्नई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
निगाहें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
सूर्यकुमार ने पिछले 10 मुकाबलों में 60.29 की औसत से 422 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से 9 मुकाबलों में 43.44 की औसत से 391 रन निकले हैं। ब्रायन बेनेट ने 10 मुकाबलों में 384 रन बनाए हैं। कप्तान सिकंदर के बल्ले से 10 मैचों में 331 रन निकले हैं। वरुण ने पिछले 8 मैच में 14 विकेट चटकाए हैं। अर्शदपी के नाम 8 मैच में 13 विकेट है। इवांस ने पिछले 10 मैच में 20 विकेट लिए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
भारत और जिम्बाब्वे के बीच यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।