टी-20 विश्व कप 2026: क्या न्यूजीलैंड को हराकर लगातार दूसरे फाइनल में पहुंच पाएगी दक्षिण अफ्रीका?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का पहला सेमीफाइनल मैच दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच 4 मार्च को ईडन गार्डन स्टेडियम में होगा। अब तक प्रोटियाज टीम इस टूर्नामेंट में कोई मैच नहीं हारी है और एडेन मार्करम की कप्तानी वाली टीम अपना अजेय क्रम बरकरार रखना चाहेगी। दूसरी तरफ कीवी टीम विपक्षी टीम को रोकने का प्रयास करेगी। इस बीच मैच से जुड़ी सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
न्यूजीलैंड के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा रहा है भारी
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2005 में खेला गया था। दोनों टीमों के बीच अब तक 19 मुकाबले खेले गए हैं। इस दौरान प्रोटियाज टीम ने 12 मैच जीते हैं। वहीं, कीवी टीम को सिर्फ 7 मैचों में ही जीत मिल पाई है। दोनों टीमों के बीच आखिरी टी-20 मुकाबला फरवरी 2026 में खेला गया था, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट से जीता था।
न्यूजीलैंड
इस संयोजन के साथ उतर सकती है न्यूजीलैंड की टीम
न्यूजीलैंड को अपने पिछले मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हार मिली थी। उस मुकाबले में कीवी टीम के बल्लेबाज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके थे। न्यूजीलैंड की टीम टिम साइफर्ट और फिन एलन की सलामी जोड़ी से अच्छी शुरुआत की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, मार्क चैपमैन, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, और लॉकी फर्ग्यूसन।
दक्षिण अफ्रीका
ऐसी हो सकती है दक्षिण अफ्रीकी टीम
दक्षिण अफ्रीका ने अपने सुपर-8 मुकाबले में भारत, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराया था। मार्करम के नेतृत्व में प्रोटियाज टीम खिताब की प्रबल दावेदार है । दक्षिण अफ्रीकी टीम बेहद संतुलित नजर आ रही है और अगले अहम मैच में भी उनके खिलाड़ी वर्चस्व बरकरार रखना चाहेंगे। संभावित एकादश: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, कगिसो रबाडा, केशव महाराज, और लुंगी एनगिडी।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 4 मार्च को कोलकाता में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की कोई भी संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक आराम से मुकाबले का आनंद ले सकते हैं।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
एनगिडी ने टी-20 विश्व कप 2026 में अब तक 6 पारियों में 13.75 की औसत के साथ 12 विकेट लिए हैं। कप्तान मार्करम ने अब तक 6 पारियों में 53.60 की औसत और 175.16 की स्ट्राइक रेट के साथ 268 रन बनाए हैं। उन्होंने 86 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक भी लगाए हैं। साइफर्ट ने अपनी पिछली 4 पारियों में 43.20 की औसत के साथ 216 रन अपने नाम किए हैं।
जानकारी
कब और कहां खेला जाएगा मुकाबला?
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो-हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।
पिच रिपोर्ट
कैसा है पिच का मिजाज?
ईडन गार्डन स्टेडियम में आम तौर पर काली मिट्टी की पिच का प्रयोग होता है। टी-20 प्रारूप में यह पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। खेल की शुरुआत में यहां तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिलती है। उसके बाद स्पिनर्स का काम आसान होता है। यहां की ऑउटफील्ड बहुत तेज है, जिससे बल्लेबाजों को ज्यादा रन बनाने के मौके मिलते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, इस मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 155 रन है।