टी-20 विश्व कप 2026: श्रेयंका पाटिल चोट के चलते हुई बाहर, प्रेमा रावत को मिली जगह
क्या है खबर?
महिलाओं के टी-20 विश्व कप 2026 से भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर है। दरअसल, स्पिनर श्रेयंका पाटिल इस टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। 23 वर्षीय ये खिलाड़ी बीते बुधवार को हेडिंग्ले में नीदरलैंड के खिलाफ हुए मैच में अपने टखने में चोट लगा बैठी थी। अब BCCI ने उनकी जगह पर प्रेमा रावत को टीम में शामिल किया गया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
चोट
ऐसे लगी थी श्रेयंका को चोट
श्रेयंका को यह चोट लीड्स में खेले गए मुकाबले के दौरान लगी थी। वह गेंद को रोकने के प्रयास में टखना मोड़ बैठीं। उन्हें तेज दर्द महसूस हुआ और वह मैदान पर ही गिर पड़ीं। टीम के फिजियो तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन श्रेयंका अपने पैर पर वजन नहीं डाल सकीं। जिसके कारण उन्हें स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। जुलाई 2024 में उंगली टूटने के कारण भी वह टी-20 विश्व कप से बाहर हुई थीं।
आंकड़े
WPL में RCB से खेल चुकी हैं प्रेमा रावत
लेग स्पिनर प्रेमा रावत ने अब तक अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। उन्होंने विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के पिछले 2 सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का प्रतिनिधित्व किया है। 23 वर्षीय इस युवा खिलाड़ी ने WPL में अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें 20.33 की औसत और 10.16 की इकॉनमी रेट के साथ 3 विकेट लिए हैं। वह घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड क्रिकेट टीम से खेलती हैं।
जानकारी
इस विश्व कप में कोई विकेट नहीं ले सकी श्रेयंका
श्रेयंका टी-20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में कोई विकेट नहीं ले सकी थी। उन्होंने अपने 3 ओवर में 17 रन दिए थे। नीदरलैंड के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 1 गेंद फेंकी थी।
लेखा-जोखा
भारत ने जीते हैं अपने दोनों मैच
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहले मैच में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम को 64 रन से हराया था। इसके बाद नीदरलैंड के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने 95 रन से जीत दर्ज की थी। अब भारतीय टीम अपने अगले मैच में दक्षिण अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम से 21 जून को भिड़ेगी। ग्रुप-A में मौजूद भारतीय टीम अंक तालिका में फिलहाल शीर्ष स्थान पर है।