LOADING...
टी-20 विश्व कप 2026: रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक लेते हुए कुल 5 विकेट लिए
रोमारियो शेफर्ड ने लगाई हैट्रिक (तस्वीर: एक्स/@ICC)

टी-20 विश्व कप 2026: रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक लेते हुए कुल 5 विकेट लिए

Feb 07, 2026
06:54 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2026 के पहले ही दिन वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने हैट्रिक लेने का कारनामा किया। उन्होंने स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में हैट्रिक लेते हुए कुल 5 विकेट लिए। उनकी घातक गेंदबाजी के चलते वेस्टइंडीज ने अपने पहले मैच में 35 रन से जीत दर्ज की। शेफर्ड टी-20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले वेस्टइंडीज के पहले गेंदबाज बने। आइए उनकी गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

ऐसी रही शेफर्ड की गेंदबाजी 

शेफर्ड ने अपने 3 ओवर में 20 रन देते हुए 5 विकेट लिए। इस बीच उन्होंने अपनी हैट्रिक भी पूरी की। स्कॉटलैंड के नंबर-3 के बल्लेबाज ब्रैंडन मैकमुलन (14) को आउट करते हुए शेफर्ड ने अपने विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने तीसरे और स्कॉटलैंड की पारी के 17वें ओवर में मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन के विकेट लेते हुए हैट्रिक लेने का कारनामा किया। उन्होंने उस ओवर में सफयान शरीफ का भी विकेट लिया।

हैट्रिक 

इस सूची में शामिल हुए शेफर्ड 

शेफर्ड अब टी-20 विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले 9वें गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले ब्रेट ली (2007, बनाम बांग्लादेश), कर्टिस कैम्फर (2021, बनाम नीदरलैंड), वनिंदु हसरंगा (2021, बनाम दक्षिण अफ्रीका), कगिसो रबाडा (2021, बनाम इंग्लैंड), कार्तिक मयप्पन (2022, बनाम UAE), जोशुआ लिटिल (2022, बनाम न्यूजीलैंड), पैट कमिंस और क्रिस जॉर्डन (बनाम अमेरिका, 2024) यह कारनामा कर चुके हैं। दिलचस्प रूप से कमिंस ने लगातार 2 मैचों (बनाम बांग्लादेश और बनाम अफगानिस्तान, 2024) में हैट्रिक लेने का कारनामा किया था।

Advertisement

रिकॉर्ड्स 

शेफर्ड ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

क्रिकबज के अनुसार, शेफर्ड अब टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2 हैट्रिक लेने वाले विश्व के कुल चौथे गेंदबाज बने। वह लसिथ मलिंगा (श्रीलंका), टिम साउथी (न्यूजीलैंड) और कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) की विशेष सूची में शामिल हुए। शेफर्ड अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में 5 विकेट हॉल लेने वाले वेस्टइंडीज के दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले अकील होसेन ने युगांडा के खिलाफ (5/11, 2024) ऐसा कारनामा किया था।

Advertisement

लेखा-जोखा 

इस तरह से जीती वेस्टइंडीज की टीम 

वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 33 रन बनाए। धीमी शुरुआत के बाद शिमरोन हेटमायर ने तेज अर्धशतक (64) लगाया। इनके अलावा रोवमन पॉवेल ने 14 गेंदों का सामना करते हुए 24 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 13 गेंदों पर 26 रन बनाते हुए टीम को 182/5 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में स्कॉटलैंड ने 37 तक अपने 3 विकेट खो दिए। इसके बाद भी स्कॉटलैंड ने निरंतर विकेट गंवाए और टीम 147 रन पर सिमट गई

Advertisement