टी-20 विश्व कप 2026: जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले भारतीय टीम से जुड़ेंगे रिंकू सिंह
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम को 26 फरवरी को जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना अगला सुपर-8 मुकाबला खेलना है। ऐसी खबर है कि रिंकू सिंह इस मैच से पहले चेन्नई में भारतीय टीम से जुड़ जाएंगे। बता दें कि रिंकू के पापा की तबीयत खराब है, जिसके चलते वह बीते मंगलवार को चेन्नई छोड़कर अपने घर चले गए थे। वह ट्रेनिंस सेशन में भी हिस्सा नहीं ले पाए थे।
बयान
बुधवार शाम तक भारतीय टीम से जुड़ेंगे रिंकू- कोच कोटक
भारतीय टीम के कोच सीतांशु कोटक ने पुष्टि की है कि रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। कोटक ने कहा, "रिंकू के पिता की तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए वह वापस चले गए थे। और मुझे लगता है कि वह आज शाम को वापस आ रहे हैं।" खबरों के मुताबिक, रिंकू के पिता खानचंद सिंह लीवर कैंसर से जूझ रहे हैं और उनका नोएडा के अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप 2026 में रिंकू ने किया है निराश
टी-20 विश्व कप 2026 में रिंकू को मैच फिनिशर की भूमिका में जिम्मेदारी दी गई है। अब तक उन्हें सीमित ही मौके मिले हैं, जिसमें वह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मौजूदा संस्करण में अब तक 5 पारियों में 82.75 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 24 रन बनाए हैं। वह अपने पिछले मैच में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके थे।
बयान
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भी अपने खेल में बदलाव नहीं करेगा भारत- कोटक
कोच कोटक ने कहा कि भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भी अपनी शैली में ही क्रिकेट खेलेगा। वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बावजूद इसमें बदलाव नहीं करेगा। कोटक ने कहा, "निश्चित रूप से हम उसी ब्रांड का क्रिकेट खेलेंगे। कभी-कभी आप कुछ विकेट खो देते हैं और शॉट सिलेक्शन गलत हो सकता है। टी-20 मैच में हमें बहुत सकारात्मक रहना होगा और उसी ब्रांड का क्रिकेट खेलना होगा जिसने हमें सफलता दिलाई है। यह जारी रहेगा।"