टी-20 विश्व कप 2026: रचिन रविंद्र ने लिए 4 विकेट, गेंदबाजी में किया अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 46वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने श्रीलंका क्रिकेट टीम को 61 रन से हराया। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में हुए मैच में जीत के लिए मिले 169 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम 107/8 का स्कोर ही बना सकी। कीवी टीम की इस जीत में रचिन रविंद्र की अहम भूमिका रही, जिन्होंने गेंदबाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। आइए उनकी गेंदबाजी पर एक नजर डालते हैं।
गेंदबाजी
रविंद्र ने चटकाए 4 विकेट
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने अपने 4 ओवर में 27 रन देते हुए 4 विकेट लिए। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने अपने पहले ही ओवर में कुसल मेंडिस (11) और पवन रथनायके (10) के विकेट चटकाए। इसके बाद उन्होंने विपक्षी कप्तान दासुन शनाका (3) और निचले क्रम में दुशान हेमंथा (3) को अपनी फिरकी के जाल में फंसाया। इससे पहले अपनी बल्लेबाजी में रविंद्र ने 22 गेंदों में 32 रन बनाए थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
आंकड़े
ऐसा है रचिन रविंद्र का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
रविंद्र ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 2021 में किया था। उन्होंने अब तक 49 मैचों की 22 पारियों में 18.70 की औसत के साथ 20 विकेट चटकाए हैं। दूसरी तरफ बल्लेबाजी में उन्होंने 43 पारियों में 20.97 की औसत और 137.19 की स्ट्राइक रेट के साथ 734 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 4 अर्धशतक लगाए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 69 रन रहा है।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती न्यूजीलैंड की टीम
टॉस हारकर पहले खेलते हुए न्यूजीलैंड ने निरंतर अंतराल पर विकेट खोए। कीवी टीम ने एक समय 84 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए। मुश्किल घड़ी में मिचेल सैंटनर (47) और कोल मैककोन्ची (31*) ने उम्दा पारी खेलते हुए टीम को 168/7 के स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में श्रीलंका ने 29 रन तक अपने 4 विकेट खो दिए। इसके बाद भी श्रीलंका के विकेटों का पतझड़ जारी रहा और टीम 107/8 का स्कोर ही बना सकी।