टी-20 विश्व कप 2026: न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान मैच का प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का चौथा मुकाबला रविवार (8 फरवरी) को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच चेन्नई में खेला जाएगा। यह ग्रुप-D का पहला मुकाबला होगा। इसमें मिचेल सैंटनर की कप्तानी में कीवी टीम जीत दर्ज कर अभियान का विजयी आगाज करने का प्रयास करेगी। वहीं, राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान न्यूजीलैंड को कड़ी टक्कर देना चाहेगी। आइए इस मुकाबले के प्रीव्यू और अन्य महत्वपूर्ण बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच बराबरी का रहा है मुकाबला
टी-20 प्रारूप में अब तक दोनों टीमों के बीच 3 मुकाबले खेले गए हैं। 1 मुकाबला रद्द रहा है। अफगानिस्तान को 1 मैच में जीत मिली है और न्यूजीलैंड ने भी 1 मैच जीता है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला जून 2024 में खेला गया था। उस मैच को अफगानिस्तान ने 84 रन से अपने नाम किया था। अफगानिस्तान के 159/6 रन के जवाब में न्यूजीलैंड 75 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन
डेवोन कॉनवे का फॉर्म टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ खास नहीं रहा है। ऐसे में टिम सीफर्ट फिन एलन के साथ सलामी बल्लेबाज के रूप में नजर आ सकते हैं। गेंदबाजी में मैट हेनरी और जैकब डफी से काफी उम्मीदें होंगी। स्पिन गेंदबाजी की कमान कप्तान सैंटनर संभालेंगे। न्यूजीलैंड की संभावित एकादश: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर) रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, इश सोढ़ी और जैकब डफी।
टीम
ये हो सकती है अफगानिस्तान की संभावित एकादश
अफगानिस्तान की गेंदबाजी कमाल की है। ऐसे में कीवी टीम उन्हें हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा। टीम के पास ऑलराउंडर खिलाड़ियों की फौज है। गुलबदिन नाइब, मोहम्मद नबी, अजमतुल्लाह उमरजई और राशिद जैसे खिलाड़ी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कर सकते हैं। अफगानिस्तान की संभावित एकादश: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), इब्राहिम जरदान, सेदिकुल्लाह अतल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदिन नाइब, मोहम्मद नबी, राशिद खान (कप्तान), नूर अहमद, मुजीब उर रहमान और फजलहक फारूकी।
पिच
कैसा रहेगा चेन्नई की पिच का मिजाज?
चेन्नई की पिच में आमतौर पर स्पिनरों को मदद मिलती है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवरों में तेज गेंदबाज सतह का फायदा ले सकते हैं। यहां की विकेट अमूमन सूखी और सख्त होती है, जो मैच के आगे बढ़ने के साथ और खराब होती जाती है। बल्लेबाज अगर अपनी नजरें जमा लें तभी बड़ा स्कोर बना सकते हैं। यहां बड़े स्कोर बनते हुए नहीं देखे गए हैं। ऐसे में टीमों को संयम से खेलना होगा।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 7 फरवरी को चेन्नई में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 21 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना सिर्फ 10 प्रतिशत है। ऐसे में दर्शकों को पूरा मैच देखने को मिल सकता है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
जरदान ने पिछले 9 मैचों में 366 रन बनाए हैं। गुरबाज ने 9 मैचों में 143.33 की स्ट्राइक रेट से 301 रन अपने नाम किए हैं। न्यूजीलैंड से मिचेल ने पिछले 10 मैचों में 207 रन बनाए हैं। चैपमैन 8 मैचों 196 रन बनाने में सफल रहे हैं। मुजीब ने 8 मैचों में 16 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार डफी ने 10 मैचों में 16 विकेट चटका चुके हैं। इन सभी के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मैच?
न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में सुबह 11 बजे से से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।