टी-20 विश्व कप 2026: नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और अन्य रोचक आंकड़े
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज हो चुका है। टूर्नामेंट का यह 10वां संस्करण है जो भारत और श्रीलंका में खेला जा रहा है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कुल 6 मुकाबले खेले जाएंगे। अगर पाकिस्तान फाइनल में नहीं पहुंचता है तो फाइनल भी इसी मैदान पर होगा। यहां पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और कनाडा क्रिकेट टीम के बीच 9 फरवरी को खेला जाएगा। आइए स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और रोचक आंकड़ों पर नजर डाल लेते हैं।
आंकड़े
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसे हैं मैदान के आंकड़े
इस मैदान पर पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2012 में खेला गया था। अब तक यहां 8 मुकाबले हुए हैं। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 5 मैच जीते हैं, बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 3 मैच में जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ी पारी शुभमन गिल (126* रन बनाम न्यूजीलैंड, 2023) ने खेली थी। सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन हार्दिक पांड्या (4/16 बनाम न्यूजीलैंड, 2023) का रहा है। यहां टीमें पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेंगी।
अन्य
नरेंद्र मोदी स्टेडियम के अन्य आंकड़े
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सबसे बड़ा स्कोर भारतीय टीम (234/4 बनाम न्यूजीलैंड) के नाम है। यहां सबसे छोटा स्कोर न्यूजीलैंड (66 रन बनाम भारत) ने बनाया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैदान पर औसत स्कोर 189 रन का रहा है। इस मैदान पर विराट कोहली ने 6 मैच की 6 पारी में सबसे ज्यादा 258 रन बनाए हैं। हार्दिक और शार्दुल ठाकुर ने यहां संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 8-8 विकेट लिए हैं।
पिच
कैसा रहता है पिच का मिजाज?
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में काली और लाल मिट्टी की अलग-अलग पिचें हैं। लाल मिट्टी की पिचें काली मिट्टी की तुलना में तेज गेंदबाजों को अधिक सहायता प्रदान करती हैं। यहां बल्लेबाजों को आमतौर पर रन बनाना आसान रहता है। हालांकि, शुरुआती कुछ ओवर चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। काली मिट्टी की पिच पर उछाल सामान्य होता है, लेकिन स्पिनरों को ज्यादा मदद मिलती है। विश्व कप को देखते हुए यहां रनों से भरी हुई पिच पर मैच हो सकता है।
इतिहास
नरेंद्र मोदी स्टेडियम का इतिहास
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की स्थापना 1982 में हुई थी। यहां लगभग 1 लाख 32 हजार दर्शक एक साथ बैठकर मैच का आनंद ले सकते हैं। स्टेडियम का निर्माण राज्य सरकार द्वारा दान की गई 50 एकड़ जमीन पर किया गया है। इसे तैयार होने में सिर्फ 9 महीने लगे। 2006 की चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इसका व्यापक नवीनीकरण किया गया, जिसमें 3 नई पिचें और नया आउटफील्ड तैयार किया गया। इसके अलावा अत्याधुनिक फ्लडलाइट्स और कवर स्टैंड भी जोड़े गए।