टी-20 विश्व कप 2026: आयरलैंड ने ओमान को हराकर दर्ज की पहली जीत, ये बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 22वें मुकाबले में आयरलैंड क्रिकेट टीम ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए ओमान क्रिकेट टीम को 96 रनों से हरा दिया। यह आयरलैंड की इस विश्व कप में पहली जीत है, जबकि ओमान को लगातार तीसरी हार मिली है। आयरलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 235/5 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया था। जवाब में ओमान की टीम 18 ओवर में 139 रन पर ही ढेर हो गई। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
आयरलैंड ने इस तरह दर्ज की जीत
आयरलैंड को टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 25 रन पर 2 झटके लग गए थे। उसके बाद कप्तान लोरकन टकर (94*), गैरेथ डेलानी (56) और जॉर्ज डॉकरेल (35*) ने उम्दा पारी खेलते हुए स्कोर को 235/5 पर पहुंचा दिया। ओमान के लिए शकील अहमद ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए। जवाब में ओमान की टीम आमिर कलीम (50) के अर्धशतक और हम्मान मिर्जा (46) की पारियों के बाद भी 18 ओवर में 139 रन का स्कोर बनाकर पवेलियन लौट गई।
अर्धशतक
कलीम ने जड़ा तीसरा अर्धशतक
कलीम ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा और आयरलैंड टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा। इसी तरह यह उनके टी-20 विश्व कप करियर का भी पहला अर्धशतक है। वह 29 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए। उनके अब 57 मैच की 49 पारियों में 114.72 की स्ट्राइक रेट से 779 रन हो गए हैं।
बल्लेबाजी
टकर ने ओमान के खिलाफ जड़ा पहला अर्धशतक
टकर ने तूफानी बदल्लेबाजी करते हुए नाबाद 94 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 11वां और ओमान के खिलाफ पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 35 गेंदों में पूरा किया। यह उनका टी-20 विश्व कप में तीसरा अर्धशतक रहा है। वह 51 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 94 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने गैरेथ डेलानी (56) के साथ 5वें विकेट के लिए 101 रन की अहम साझेदारी की।
रिकॉर्ड
टकर ने आयरलैंड के लिए खेली सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी
टकर अब टी-20 विश्व कप इतिहास में आयरलैंड के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में कर्टिस कैम्फर (72* बनाम स्कॉटलैंड, 2022) को पीछे छोड़ दिया है। इसी तरह वह विश्व कप में बतौर कप्तान दूसरी सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले खिलाड़ी भी बने हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (92 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2024) को पीछे छोड़ा है। सर्वोच्च पारी का रिकॉर्ड क्रिस गेल (98 बनाम भारत, 2010) के नाम दर्ज है।
अर्धशतक
डेलानी ने जड़ा चौथा अर्धशतक
डेलानी ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का चौथा और ओमान टीम के खिलाफ दूसरा अर्धशतक रहा। इसी तरह यह उनके टी-20 विश्व कप करियर का पहला ही अर्धशतक रहा। वह 30 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए। उनके अब 91 मैच की 77 पारियों में 133.87 की स्ट्राइक रेट से 1,245 रन हो गए हैं।
रिकॉर्ड
आयरलैंड ने बनाया टी-20 विश्व कप इतिहास का दूसरा सर्वोच्च स्कोर
आयरलैंड की ओर से मैच में बनाया गया 235/5 का स्कोर टी-20 विश्व कप इतिहास में किसी भी टीम द्वारा बनाया का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। टी-20 विश्व कप में सर्वोच्च स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका क्रिकेट टीम (260/6 बनाम केन्या, 2007) के नाम दर्ज है। उसने इस मामले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम को पीछे छोड़ दिया है, जिसने टी-20 विश्व कप 2016 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 8 विकेट के नुकसान पर 230 रन का स्कोर बनाया था।
जानकारी
आयरलैंड ने बनाया टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सर्वोच्च स्कोर
आयरलैंड द्वारा बनाया गया 235/5 का स्कोर टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उसका सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले उसका सर्वोच्च स्कोर 226/4 का था, जो उसने साल 2023 में ऑस्ट्रिया क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाया था।
उपलब्धि
आयरलैंड ने डेथ ओवर में बनाए तीसरे सर्वाधिक रन
आयरलैंड ने डेथ ओवर (16-20) में कुल 93 रन बनाते हुए स्कोर को 235/5 पहुंचाया। यह टी-20 विश्व कप इतिहास में डेथ ओवर में बनाए गए तीसरे सर्वाधिक रन हैं। डेथ ओवर में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के नाम दर्ज है, जिसने 2024 में गाम्बिया क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में 116 रन बनाए थे। इस सूची में भारतीय क्रिकेट टीम दूसरे नंबर पर है, जिसने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ 103 रन बनाए थे।
गेंदबाजी
जोशुआ लिटिल ने चटकाए 3 विकेट
आयरलैंड के लिए जोशुआ लिटिल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 4 ओवर में महज 4.00 की इकॉनमी से 16 रन खर्च किए। उनके अलावा मैथ्यू हम्फ्रीज ने 4 ओवर में 27 रन खर्च करते हुए 2 विकेट अपने नाम किए। इसी तरह बैरी मैकार्थी ने भी 3 ओवर में 32 रन खर्च करते हुए 2 खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखाई। डॉकरेल ने 1 ओवर में 6 रन देकर एक सफलता अर्जित की।
जीत
आयरलैंड ने दर्ज की तीसरी सबसे बड़ी जीत
आयरलैंड की 96 रनों की यह जीत टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में रनों के लिहाज से उसकी तीसरी सबसे बड़ी जीत है। टी-20 विश्व कप में यह कुल 10वीं सबसे बड़ी जीत थी। इस मैच में 11 बल्लेबाज बाएं हाथ के गेंदबाजों के हाथों आउट हुए, जो टी-20 विश्व कप में एक रिकॉर्ड है। इससे पहले 2021 में बांग्लादेश और ओमान के बीच हुए मुकाबले में भी 11 विकेट बाएं हाथ के गेंदबाजों के हाथों गए थे।