LOADING...
टी-20 विश्व कप: ICC ने पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के भारतीय वीजा के लिए उठाया कदम
ICC ने पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के भारतीय वीजा के लिए उठाया कदम

टी-20 विश्व कप: ICC ने पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के भारतीय वीजा के लिए उठाया कदम

Jan 18, 2026
04:50 pm

क्या है खबर?

जय शाह के नेतृत्व वाली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने विभिन्न टीमों में शामिल पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों और अधिकारियों को आगामी टी-20 विश्व कप 2026 के लिए समय पर भारतीय वीजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाया है। यह कदम उन खबरों के बाद उठाया गया है, जिनमें पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ियों के वीजा अटकने की बात कही गई थी। बता दें कि यह विश्व कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित किया जा रहा है।

संख्या

विश्व कप में शामिल होंगे पाकिस्तानी मूल के 42 खिलाड़ी और अधिकारी

PTI के अनुसार, टी-20 विश्व कप में विभिन्न देशों की टीमों में 42 पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हैं। ऐसे में ICC उनके भारतीय वीजा संबंधी औपचारिकताओं को सुविधाजनक बनाने का प्रयास कर रही है। इन खिलाड़ियों में इंग्लैंड क्रिकेट टीम में स्पिनर आदिल राशिद, रेहान अहमद, तेज गेंदबाज साकिब महमूद, USA क्रिकेट टीम के अली खान और शायन जहांगीर, नीदरलैंड के जुल्फिकार साकिब और कनाडा के कर्मचारी शाह सलीम जफर भी शामिल हैं।

प्रयास

ICC ने उठाए ये कदम

रिपोर्ट के अनुसार, ICC की इस प्रक्रिया में कई टीमों के क्रिकेटर, अधिकारी और स्टैंडबाय कर्मी शामिल हैं। ICC के सदस्य विभिन्न महाद्वीपों के कई शहरों में स्थित भारतीय उच्चायोगों के साथ लगातार संपर्क कर खिलाड़ियों और कर्मचारियों के वीजा स्वीकृत कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसके तहत अब तक इंग्लैंड, कनाडा और नीदरलैंड के खिलाड़ियों के वीजा स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसी तरह अन्य खिलाड़ियों की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो जाएगी।

Advertisement

कारण

ICC को वीजा के लिए क्यों करना पड़ रहा हस्तक्षेप?

यह घटनाक्रम उन खबरों के कुछ दिनों बाद सामने आया है जिनमें कहा गया था कि अली खान, शायन जहांगीर, मोहम्मद मोहसिन और एहसान आदिल सहित पाकिस्तानी मूल के कुछ अमेरिकी क्रिकेटरों को वीजा मिलने का इंतजार है। सोशल मीडिया पर अटकलें लगाई जा रही थीं कि उनके वीजा आवेदन खारिज हो गए हैं, लेकिन बाद में खबरों में स्पष्ट किया गया कि आवेदन अभी भी समीक्षाधीन हैं और उन्हें अस्वीकार नहीं किया गया है।

Advertisement

देरी

खिलाड़ियों को वीजा मिलने में क्यों हो रही देरी?

सुरक्षा कारणों से भारतीय अधिकारी आमतौर पर पाकिस्तानी मूल या राष्ट्रीयता वाले लोगों के वीजा की समीक्षा में कुछ समय लेते हैं। पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डेविड हेडली ने 2008 में मुंबई में शूटिंग के लिए भारतीय वीजा प्राप्त कर लिया था, जो बाद में 26/11 हमलों के दौरान आतंकवादियों का निशाना बने थे। भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया राजनीतिक और सैन्य तनाव भी इस गहन जांच का एक कारण हो सकता है।

Advertisement