टी-20 विश्व कप 2026: इब्राहिम जादरान ने कनाडा के खिलाफ बनाए नाबाद 95 रन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 39वें मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के इब्राहिम जादरान ने कनाडा क्रिकेट टीम के खिलाफ अर्धशतक (95*) लगाया। यह मौजूदा संस्करण में उनके बल्ले से निकलने वाली लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी रही। यह उनका सर्वोच्च स्कोर भी है। उनकी पारी की मदद से अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर के बाद 200/4 का स्कोर बनाया। आइए जादरान की पारी पर एक नजर डालते हैं।
जादरान
शानदार रही जादरान की पारी
जादरान ने पारी का चौथा ओवर करने आए डिलोन हेइलिगर के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाए। एमए चिदंबरम स्टेडियम में कनाडाई गेंदबाजों के सामने उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 56 गेंदों पर 95 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल (44) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की साझेदारी निभाई।
आंकड़े
जादरान का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
जादरान ने अब तक 65 टी-20 अंतरराष्ट्रीय खेले हैं, जिसकी 65 ही पारियों में उन्होंने 33.30 की औसत के साथ 1,850 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 95* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 16 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने 2019 में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी। वह फिलहाल अफगानिस्तान की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
रिकॉर्ड्स
जादरान ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
जादरान अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में अफगानिस्तान की ओर से सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि गुरबाज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2026 संस्करण में 84 रन बनाए थे। जादरान अब अफगानिस्तान की ओर से टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप (129*) और चैंपियन ट्रॉफी (177) में भी सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने हैं।
जानकारी
अफगानिस्तान ने टी-20 विश्व कप में पहली बार बनाया 200 का स्कोर
अफगानिस्तान की टीम ने टी-20 विश्व कप में पहली बार 200 रन का आंकड़ा छूआ। टी-20 विश्व कप में इस टीम का पिछ्ला सर्वोच्च स्कोर 190/4 (बनाम स्कॉटलैंड, 2021) था।