टी-20 विश्व कप 2026 में कैसा रहा स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम का सफर?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम का सफर समाप्त हो गया है। रिची बेरिंगटन की कप्तानी में यह टीम ग्रुप-C में थी। टीम ने 4 मुकाबले खेले और सिर्फ 1 मुकाबले में इटली क्रिकेट टीम के खिलाफ जीत मिली। स्कॉटलैंड सुपर-8 चरण में नहीं पहुंच सकी। साल 2024 के विश्व कप में भी स्कॉटलैंड की टीम ग्रुप चरण से बाहर हो गई थी। ऐसे में आइए जान लेते हैं कि पूरे विश्व कप में उनका सफर कैसा रहा?
सफर
ऐसा रहा स्कॉटलैंड का सफर
स्कॉटलैंड ने अपना पहला मुकाबला वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला। जहां उसे 35 रन से हार मिली। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 182/5 का स्कोर बनाया था। जवाब में स्कॉटलैंड 147 रन ही बना सकी। इटली के खिलाफ टीम ने 73 रन से जीत दर्ज की। टीम ने 207/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में इटली 134 रन ही बना पाई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ उसे 5 विकेट और नेपाल के खिलाफ 7 विकेट से हार मिली।
बल्लेबाज
स्कॉटलैंड के इन बल्लेबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन
स्कॉटलैंड के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन माइकल जोन्स ने बनाए। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 35.50 की औसत और 142 की स्ट्राइक रेट से 142 रन निकले। उन्होंने 1 अर्धशतक लगाया और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 71 रन रहा। वहीं, जॉर्ज मुन्से ने 4 पारियों में 33.50 की औसत और 128.84 की स्ट्राइक रेट से 134 रन बनाए। उनके बल्ले से भी 1 अर्धशतक निकला और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन रहा।
विकेट
स्कॉटलैंड के लिए इन गेंदबाजों ने चटकाए सबसे ज्यादा विकेट
माइकल लीस्क ने स्कॉटलैंड के लिए इस विश्व कप में सबसे ज्यादा विकेट लिए। उन्होंने 4 मैचों की 4 पारियों में 13.55 की शानदार औसत के साथ 9 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट 7.62 की रही। इस खिलाड़ी ने 1 बार 4 विकेट हॉल लिया और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/17 का रहा। ब्रैड करी 4 विकेट के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर रहे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/23 का रहा।
रिकॉर्ड
स्कॉटलैंड के नाम आए ये रिकॉर्ड
लीस्क टी-20 विश्व कप के एक मुकाबले में 4 विकेट लेने वाले स्कॉटलैंड क्रिकेट टीम के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले साल 2021 के टी-20 विश्व कप में जोश डेवी ने यह कारनामा किया था। स्कॉटलैंड के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड भी आया। इंग्लैंड क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप के इतिहास में यूरोपीय टीमों के खिलाफ पहला मैच इसी विश्व कप में स्कॉटलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीती।