टी-20 विश्व कप 2026: इंग्लैंड के खिलाफ कैसा रहा है भारत का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम अपना अगला मुकाबला 5 मार्च (गुरुवार) को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलेगी। ये सेमीफाइनल मुकाबला है जो मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने सुपर-8 के चरण में 3 मुकाबले खेले और उसे 1 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने सुपर-8 चरण में अपने सभी मुकाबले जीते। ऐसे में आइए दोनों टीमों के आपसी रिकॉर्ड और प्रदर्शन पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
भारत के खिलाफ इंग्लैंड का पलड़ा रहा है भारी
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2007 में खेला गया था। अब तक दोनों टीमों के बीच 29 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 17 मैच में भारतीय टीम को जीत मिली है और 12 मैच इंग्लैंड ने अपने नाम किए हैं। टी-20 प्रारूप में दोनों टीमों की पिछली 5 भिड़ंत में इंग्लैंड को सिर्फ 1 मैच में ही जीत मिल पाई है। 4 मुकाबले भारत ने जीते हैं।
विश्व कप
टी-20 विश्व कप में दोनों टीमों के बीच रही है कड़ी टक्कर
टी-20 विश्व कप में अब तक दोनों टीमें कुल 5 मैचों में आपस में भिड़ी हैं, जिसमें से 3 में भारतीय टीम जीती है और 2 मुकाबला इंग्लैंड टीम ने अपने नाम किया है। आखिरी बार टी-20 विश्व कप 2024 में दोनों टीमों का आमना-सामना हुआ था, जिसे भारतीय टीम ने 68 रन से जीता था। साल 2022 के विश्व कप में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से हराया था।
प्रदर्शन
भारत के इन खिलाड़ियों का रहा है अच्छा प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 21 मैचों में 38.11 की औसत और 135 की स्ट्राइक रेट से 648 रन निकले हैं। हार्दिक पांड्या ने 20 मैचों में 148.38 की स्ट्राइक रेट से 414 रन बनाए हैं। हार्दिक ने 24.78 की औसत से 19 विकेट भी चटकाए हैं। वरुण चक्रवर्ती ने 5 पारियों में 9.85 की उम्दा औसत के साथ 14 विकेट अपने नाम किए हैं।
रन
इंग्लैंड के इन खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ किया है शानदार प्रदर्शन
भारत के खिलाफ इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा रन जोस बटलर ने बनाए हैं। उनके बल्ले से 27 मैचों में 143.75 की स्ट्राइक रेट से 644 रन निकले हैं। हैरी ब्रूक ने 10 मैचों में 140.16 की स्ट्राइक रेट से 171 रन बनाए हैं। क्रिस जॉर्डन ने 23.79 की औसत से 16 मैचों में 24 विकेट चटकाए हैं। जोफ्रा आर्चर ने 11 मैच की 11 पारियों में 28.14 की उम्दा औसत के साथ 14 विकेट अपने नाम किए हैं।