हरमीत सिंह ने टी-20 विश्व कप के इतिहास में USA के लिए किया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 21वें मुकाबले में USA क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज हरमीत सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा 4 विकेट हॉल रहा। उन्होंने टी-20 विश्व कप के इतिहास में USA के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन भी किया है। हरमीत के इस शानदार प्रदर्शन के कारण USA ने पहली बार नीदरलैंड को इस प्रारूप में हराया। टीम को 93 रन से शानदार जीत मिली।
गेंदबाजी
ऐसी रही हरमीत की गेंदबाजी
हरमीत ने मैच में 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी रेट केवल 5.20 की रही। मैक्स ओ'डॉड (13), बास डी लीडे (23), स्कॉट एडवर्डस (20) और रूलोफ वान डर मर्वे (10) को इस खिलाड़ी ने अपना शिकार बनाया। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ USA के पिछले मैच में हरमीत ने 1/41 के आंकड़े दर्ज किए थे। वहीं, भारत के खिलाफ पहले मैच में 26 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।
रिकॉर्ड
हरमीत ने ये बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
हरमीत टी-20 विश्व कप इतिहास में USA के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने शेडली वान शाल्कविक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने इसी विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ केवल 25 रन देकर 4 विकेट लिए थे। तीसरे स्थान पर भी शाल्कविक ही हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में सिर्फ 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। हरमीत को इस शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
करियर
ऐसा रहा है हरमीत का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर
हरमीत ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक 28 मुकाबले खेले हैं और इसकी 27 पारियों में 22.29 की औसत से 31 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/18 का रहा है। नीदरलैंड के खिलाफ इस खिलाड़ी ने 3 मैच की 3 पारियों में 6 की उम्दा औसत के साथ 8 विकेट झटके हैं।