टी-20 विश्व कप 2026: नेपाल से पिछली हार का बदला ले पाएगी वेस्टइंडीज? जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का 25वां मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और नेपाल क्रिकेट टीम के बीच मुंबई में खेला जाएगा। यह ग्रुप-C का मुकाबला होगा। इसमें नेपाल की नजर वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने दबदबे को कायम रखने पर होगी, जबकि वेस्टइंडीज टीम पिछली 2 हार का बदला लेने के इरादे से उतरेगी। वेस्टइंडीज टीम पिछले मुकाबले में मिली जीत से आत्मविश्वास से भरी हुई है। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारी रहा है नेपाल का पलड़ा
टी-20 प्रारूप में वेस्टइंडीज के खिलाफ नेपाल का दबदबा रहा है। दोनों के बीच अब तक 3 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 2 में नेपाल ने जीत दर्ज की है और एक मुकाबला कैरेबियन टीम ने अपने नाम किया है। ये तीनों मुकाबले ICC टूर्नामेंट में तटस्थ स्थानों पर खेले गए थे। ऐसे में नेपाल के पास एक मनावैज्ञानिक बढ़त रहेगी और वह फिर से जीत दर्ज करना चाहेगी। वेस्टइंडीज टीम पुरानी हार का बदला लेने का प्रयास करेगी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन
वेस्टइंडीज के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज शाई होप अपने सलामी साझेदार ब्रैंडन किंग के साथ मिलकर टीम को विस्फोटक शुरुआत देना चाहेंगे। शिमरोन हेटमायर और शेरफेन रदरफोर्ड मध्य क्रम में टीम को मजबूती देने का प्रयास करेंगे। तेज गेंदबाजी की अगुवाई शमार जोसेफ करेंगे। वेस्टइंडीज की संभावित एकादश: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेज, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, अकील होसैन, गुडाकेश मोती, शमार जोसेफ।
संयोजन
इस संयोजन के साथ उतर सकती है नेपाल की टीम
नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी ने पहले मुकाबले में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया था। वह उसी फॉर्म को तीसरे मैच में भी जारी रखना चाहेंगे। लोकेश बाम से भी एक और ताबड़तोड़ पारी की उम्मीद होगी। गेंदबाजी में संदीप लामिछाने शानदार प्रदर्शन करना चाहेंगे। नेपाल की संभावित एकादश: कुशल भुर्तेल, आसिफ शेख (विकेटकीपर), रोहित पौडेल (कप्तान), दिपेंद्र सिंह ऐरी, आरिफ शेख, लोकेश बाम, गुलशन झा, करण केसी, नंदन यादव, संदीप लामिछाने और ललित राजबंशी।
पिच
ऐसा रहेगा पिच का मिजाज
वानखेड़े स्टेडियम को बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग माना जाता है। हालांकि, इस टूर्नामेंट में यहां रन बनाना उतना आसान नहीं लग रहा। अभी तक खेले गए मैचों में गेंदबाजों को काफी मदद मिली है। पिच स्पिनरों को कुछ हद तक ज्यादा सहायता प्रदान कर रही है। तेज गेंदबाजों को भी शुरुआती ओवर में मदद मिल रही है। हालांकि, यहां की सीमा रेखा अन्य स्टेडियम के मुकाबले थोड़ी छोटी है। ऐसे में बल्लेबाज नजरें जमाकर बड़ी पारी खेलना चाहेंगे।
जानकारी
कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 15 फरवरी को मुंबई में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। मैच के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। ऐसे में दर्शक पूरे मैच का आनंद ले सकते हैं।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें
हेटमायर ने पिछले 8 मैचों में 320 रन बनाए हैं। किंग ने 7 मैचों में 133.96 की स्ट्राइक रेट से 213 रन अपने नाम किए हैं। नेपाल से आसिफ ने पिछले 9 मैचों में 290 रन बनाए हैं। कुशल 10 मैचों 282 रन बनाने में सफल रहे हैं। मोती ने 6 मैचों में 7 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार संदीप ने 8 मैचों में 13 विकेट चटका चुके हैं। इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
वेस्टइंडीज और नेपाल के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।