टी-20 विश्व कप 2026, फाइनल: भारत-न्यूजीलैंड के इन खिलाड़ियों में हो सकती है कड़ी टक्कर
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को सेमीफाइनल में हराकर फाइनल में जगह बनाई है। वहीं, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है। आइए जानते हैं इस मुकाबले में दोनों टीमों के किन खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
#1
फिन एलन बनाम जसप्रीत बुमराह
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और न्यूजीलैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिन एलन के बीच की टक्कर मैच की गति तय कर सकती है। एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में सिर्फ 33 गेंदों में तूफानी शतकीय पारी खेली थी। हालांकि, अब उनका सामना बुमराह से होगा, जिनकी मौजूदा टूर्नामेंट में इकॉनमी 6.7 से कम है। गौरतलब है कि एलन की स्ट्राइक रेट टी-20 विश्व कप 2026 में 200 से अधिक की रही है।
#2
संजू सैमसन बनाम मैट हेनरी
एक और रोमांचक मुकाबला भारत के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी के बीच हो सकता है। सैमसन शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने अपनी पिछली दो पारियों में क्रमशः 97* और 89 रन बनाए हैं। हालांकि, इस साल की शुरुआत में दोनों टीमों के बीच हुई द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में हेनरी ने उन्हें काफी परेशान किया था। उस सीरीज में हेनरी ने सैमसन को 10 गेंदों के भीतर 2 बार आउट किया था।
#3
सूर्यकुमार यादव बनाम रचिन रवींद्र
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार का प्रदर्शन हाल ही में उतार-चढ़ाव भरा रहा है, लेकिन फाइनल में वे बल्ले से कमाल दिखाना चाहेंगे। उन्हें रचिन रविंद्र से कड़ी चुनौती मिल सकती है, जिनकी बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी ने कई बल्लेबाजों को परेशान किया है। रविंद्र दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ विशेष रूप से प्रभावी रहे हैं और उन्होंने 6.32 की इकॉनमी से 8 विकेट लिए हैं। सूर्यकुमार इस साल 12 टी-20 मैचों में 5 बार स्पिनरों का शिकार बने हैं।
#4
ग्लेन फिलिप्स बनाम वरुण चक्रवर्ती
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को अपनी पुरानी लय वापस हासिल करनी होगी। पिछले 4 मैचों में उन्होंने सिर्फ 4 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी 11.62 रही है। आखिरी मुकाबले में उनका सामना ग्लेन फिलिप्स से हो सकता है। फिलिप्स ने इस टूर्नामेंट में 160 की शानदार स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए हैं। टी-20 मैचों में उन्होंने चक्रवर्ती की 14 गेंदों पर 22 रन बनाए हैं और उन्हें आउट करने का कोई मौका नहीं दिया है।