टी-20 विश्व कप 2026: आखिरी ग्रुप मुकाबले में ओमान से भिड़ेगी ऑस्ट्रेलिया, जानिए जरूरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 40वें मुकाबले में शुक्रवार (20 फरवरी) को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का सामना ओमान से होगा। यह सुपर-8 चरण शुरू होने से पहले ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला होगा, हालांकि दोनों टीमें पहले ही सुपर-8 की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। ऑस्ट्रेलिया और ओमान के बीच अब तक सिर्फ एक टी-20 मुकाबला खेला गया है, जिसमें कंगारू टीम ने जीत दर्ज की थी। आइए से जुड़ी सभी अहम जानकारियों पर एक नजर डालते हैं।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
इस पूरे टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी कुछ खास नहीं रही। ऐसे में आखिरी मुकाबले में वह अपना खोया हुआ फॉर्म प्राप्त करना चाहेंगे। ग्लेन मैक्सवेल जो एक भी मैच जिताऊ पारी नहीं खेल पाए, वह भी बेहतर प्रदर्शन करने को देखेंगे। ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श टीम को जोरदार शुरुआत देना चाहेंगे। संभावित एकादश: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम डेविड, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कूपर कॉनॉली, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस और एडम जैम्पा।
संभावित
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है ओमान की टीम
ओमान को आखिरी मुकाबले में आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था, जहां उनकी बल्लेबाजी पूरी तरह नाकाम रही। पूरे टूर्नामेंट में ओमान किसी भी मैच में 150 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगा। संभावित एकादश: जतिंदर सिंह (कप्तान), आमिर कलीम, हम्माद मिर्जा, वसीम अली, करण सोनावाले, जितेन रामानंदी, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफयान महमूद, नदीम खान, शाह फैसल और शकील अहमद।
पिच
ऐसा रहेगा पिच का मिजाज
पल्लेकेले स्टेडियम की पिच आमतौर पर काफी संतुलित मानी जाती है। यहां नई गेंद से गेंदबाजों को जरूर मदद मिलेगी। हालांकि, नजरें जमने के बाद बल्लेबाज बड़ी पारी खेल सकते हैं और बड़े-बड़े शॉट्स लगा सकते हैं। खेल के आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी होती जाती है और स्पिनर्स को भी मदद मिलती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 161 रन रहा है और 170 से ज्यादा रन का लक्ष्य भी चेज हुआ है।
जानकारी
कैसा होगा मौसम?
एक्यूवेदर के अनुसार, 20 फरवरी को कैंडी में बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है। बारिश होने की 80 प्रतिशत संभावना है। ऐसे में मैच के दौरान बारिश का थोड़ा खलल पड़ सकता है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
स्टोइनिस ने पिछले 8 मैचों में 165 रन बनाए हैं। मिचेल ने 7 मैचों में 148.14 की स्ट्राइक रेट से 160 रन अपने नाम किए हैं। ओमान से विनायक ने पिछले 9 मैचों में 150 रन बनाए हैं। हम्माद 10 मैचों 180 रन बनाने में सफल रहे हैं। एलिस ने 7 मैचों में 12 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार नदीम ने 9 मैचों में 11 विकेट चटका चुके हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
ओमान और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह मुकाबला कैंडी के पल्लेकेले क्रिकेट स्टेडियम में रात 7 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।