टी-20 विश्व कप 2026: अफगानिस्तान ने अपने आखिरी मैच में कनाडा को हराया
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 39वें मैच में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने कनाडा क्रिकेट टीम को 82 रन से हराते हुए अपनी दूसरी जीत दर्ज की। अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200/4 का स्कोर बनाया, जिसमें इब्राहिम जादरान ने नाबाद 95 रन की पारी खेली। जवाब में कनाडा की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद 118/8 का स्कोर ही बना सकी। यह कनाडा की मौजूदा विश्व कप में लगातार चौथी हार साबित हुई।
लेखा-जोखा
इस तरह से जीती अफगानिस्तान की टीम
रहमानुल्लाह गुरबाज (30) और जादरान ने मिलकर पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। सलामी बल्लेबाज जादरान ने एक छोर से निरंतर रन बनाए। उन्हें दूसरे छोर से सेदिकुल्लाह अटल (44) का अच्छा साथ मिला और अफगान टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में कनाडा ने 48 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए। इसके बाद भी टीम ने निरंतर विकेट गंवाए। अफगान टीम से मोहम्मद नबी ने उम्दा गेंदबाजी की।
पारी
शानदार रही जादरान की पारी
जादरान ने पारी का चौथा ओवर करने आए डिलोन हेइलिगर के खिलाफ लगातार 2 चौके लगाए। एमए चिदंबरम स्टेडियम में कनाडाई गेंदबाजों के सामने उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी की और 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 56 गेंदों पर 95 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। उन्होंने सेदिकुल्लाह अटल (44) के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों में 95 रन की साझेदारी निभाई।
रिकॉर्ड्स
जादरान ने बनाए ये रिकॉर्ड्स
जादरान अब टी-20 विश्व कप के इतिहास में अफगानिस्तान की ओर से सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने रहमानुल्लाह गुरबाज का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि गुरबाज ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2026 संस्करण में 84 रन बनाए थे। जादरान अब अफगानिस्तान की ओर से टी-20 विश्व कप, वनडे विश्व कप (129*) और चैंपियन ट्रॉफी (177) में भी सर्वोच्च पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने हैं।
जानकारी
अफगानिस्तान ने टी-20 विश्व कप में पहली बार बनाया 200 का स्कोर
अफगानिस्तान की टीम ने टी-20 विश्व कप में पहली बार 200 रन का आंकड़ा छूआ। टी-20 विश्व कप में इस टीम का पिछ्ला सर्वोच्च स्कोर 190/4 (बनाम स्कॉटलैंड, 2021) था।
नबी
नबी ने की उम्दा गेंदबाजी
पावरप्ले ओवर के दौरान गेंदबाजी के लिए आए नबी ने अपने पहले ही ओवर में युवराज सामरा (17) का विकेट चटकाया। इस ऑफ स्पिनर ने अपने दूसरे ओवर में निकोलस किर्टन (10) का शिकार किया। उन्होंने हर्ष ठाकर (30) और दिलोन हेइलिगर (3) को भी अपनी स्पिन के जाल में फंसाया। उन्होंने अपने 4 ओवर में 1.80 की इकॉनमी रेट के साथ 7 रन देते हुए ये सफलताएं हासिल की।